नई दिल्ली | कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के तहत आने वाले कर्मचारियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि सेवानिवृत्ति कोष निकाय ईपीएफओ की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में शामिल कर्मचारी अब केवल चेहरे की पहचान कराते हुए ही सार्वभौमिक भविष्य निधि खाता संख्या (UAN) और उससे जुड़ी सेवाएं हासिल कर सकेंगे.

केंद्रीय मंत्री ने दी जानकारी
मांडविया ने बताया कि अब कर्मचारी उमंग मोबाइल एप के जरिए आधार फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी (FAT) का उपयोग करके सीधे UAN बना सकते हैं. नियोक्ता भी किसी नए कर्मचारी के FAT का उपयोग करके UAN बनाने के लिए उमंग एप्लिकेशन का उपयोग कर सकता है.
UAN जनरेट करने के लिए, कर्मचारी को उमंग एप्लिकेशन खोलना होगा और FAT के जरिए UAN आवंटन और एक्टिवेशन के चरणों का पालन करना होगा. आधार-आधारित सत्यापन के बाद, UAN जनरेट हो जाएगा और आधार डेटाबेस में दिए गए मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए इसे भेज दिया जाएगा.
मिलेगी उच्चस्तरीय सुरक्षा
UAN बनाने के बाद, कर्मचारी उमंग एप्लिकेशन या सदस्य पोर्टल से UAN कार्ड डाउनलोड कर सकता है. नई प्रक्रिया के लाभ यह है कि इसमें आधार की 100% पुष्टि होती है और उपयोगकर्ता आधार फेस ऑथेंटिकेशन का उपयोग करता है.
उन्होंने आगे बताया कि जिन सदस्यों के पास पहले से ही UAN है, लेकिन उन्होंने अभी तक इसे सक्रिय नहीं किया है, वे अब उमंग ऐप्लिकेशन के माध्यम से आसानी से अपना UAN सक्रिय कर सकते हैं. चेहरा प्रमाणीकरण का उपयोग करने से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, जनसांख्यिकीय या ओटीपी-आधारित प्रमाणीकरण जैसे पारंपरिक तरीकों की तुलना में उच्चस्तरीय सुरक्षा मिलती है.