सिर्फ 7 रुपये की लॉटरी टिकट ने बदल दी किस्मत, मजदूर की पत्नी ने जीते 1 करोड़ रुपये

चंडीगढ़ | कभी-कभी छोटी-सी उम्मीद भी किसी परिवार की जिंदगी में बड़ी खुशियां लेकर आ जाती है। पंजाब के कोटकपूरा में एक मजदूर परिवार के साथ कुछ ऐसा ही हुआ, जहां महज 7 रुपये की लॉटरी टिकट ने परिवार की किस्मत बदल दी। घर चलाने के लिए मजदूरी पर निर्भर परिवार को अब बच्चों का भविष्य संवारने की नई उम्मीद मिली है। बता दें कि कोटकपूरा की रहने वाली बिमला देवी ने सिक्किम सरकार की लॉटरी में एक करोड़ रुपये का इनाम जीता है।

Lottery Fortune

उन्होंने एक दिन पहले ही रेलवे स्टेशन के पास स्थित स्टार लॉटरी स्टाल से 7 रुपये का टिकट खरीदा था। अगले दिन परिणाम घोषित हुआ तो उनकी टिकट पर बड़ा इनाम निकला। यह खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।

पति करते हैं मजदूरी

बिमला देवी के पति मजदूरी करके परिवार का गुजारा चलाते हैं। जानकारी के मुताबिक, बिमला देवी शाम को रेलवे रोड पर सामान खरीदने गई थीं। इसी दौरान उन्होंने लॉटरी टिकट खरीद लिया। उस समय उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह टिकट उनके परिवार के लिए इतनी बड़ी खुशखबरी लेकर आएगा। लॉटरी स्टाल संचालक नरेश मोंगा ने परिवार को इनाम निकलने की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के सदस्य दुकान पर पहुंचे। वहां मिठाई खिलाकर खुशी साझा की गई और भंगड़ा डालकर जीत का जश्न मनाया गया।

शुरू करेंगी छोटा कारोबार

बिमला देवी ने बताया कि एक करोड़ रुपये का इनाम मिलने से परिवार की आर्थिक परेशानियां कम होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अब बच्चों की परवरिश और पढ़ाई पर बेहतर तरीके से ध्यान दे सकेंगे। परिवार ने अभी रकम खर्च करने को लेकर अंतिम फैसला नहीं किया है। सदस्यों से चर्चा के बाद बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखकर छोटा कारोबार शुरू करने की योजना है।

1 करोड़ का इनाम

स्टाल संचालक नरेश मोंगा के मुताबिक, वह पिछले छह महीनों से लॉटरी का काम कर रहे हैं। उनकी दुकान से पहले भी लाखों रुपये के इनाम निकल चुके हैं, लेकिन पहली बार किसी टिकट पर एक करोड़ रुपये का इनाम निकला है। इस जीत के बाद कोटकपूरा में परिवार की चर्चा हो रही है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.