नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली जैसे बड़े शहर में सफाई और जन स्वास्थ्य से जुड़े कर्मचारियों की भूमिका काफी अहम होती है। ये कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। ऐसे में इनके वेतन और अधिकारों से जुड़ा फैसला हजारों परिवारों के लिए राहत लेकर आया है। बता दें कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने MCD के MTS (पब्लिक हेल्थ) कर्मचारियों के लिए आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

उनकी सरकार ने इन कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन देने का फैसला किया है। इसके तहत अब उन्हें कम से कम 18,000 रुपये मासिक वेतन के साथ महंगाई भत्ता भी मिलेगा। इस निर्णय से करीब 4,000 कर्मचारियों को लाभ होने की उम्मीद है।
करीब 30 साल से कर रहे सेवा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह फैसला कर्मचारियों के लंबे संघर्ष, समर्पण और दिल्ली की सेवा के सम्मान से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1996 में दिल्ली में डेंगू के प्रकोप के दौरान नियुक्त किए गए ये कर्मचारी करीब तीन दशकों से घर-घर जाकर जन स्वास्थ्य की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी कर्मचारी जनता के बीच सरकार का चेहरा होते हैं। ऐसे में उन्हें नागरिकों के साथ विनम्रता और संवेदनशीलता से पेश आना चाहिए। लोगों की समस्याओं का समाधान करना और उनका सम्मान करना हर कर्मचारी की जिम्मेदारी है।
ये नेता भी रहे मौजूद
रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी कर्मचारियों को बधाई दी और उनके अधिकारों की रक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार दिल्ली की सेवा में जुटे हर कर्मचारी को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही, उपमहापौर मोनिका पंत और MCD की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।