ताज एक्सप्रेस से लेकर दिल्ली-जालंधर ट्रेन तक बदले नियम, सफर से पहले देख लें रेलवे का नया अपडेट

नई दिल्ली | त्योहारों के समय ट्रेन से सफर करने वालों को स्टेशन, समय और टिकट बुकिंग से जुड़ी जानकारी पहले ही देख लेनी चाहिए। रेलवे की समय-सारणी में बदलाव होने पर जल्दबाजी में यात्रियों की ट्रेन छूट सकती है। ऐसे में दिल्ली और आसपास के रेल यात्रियों के लिए कई जरूरी अपडेट सामने आए हैं। बता दें कि रेलवे ने ताज एक्सप्रेस के टर्मिनल में बदलाव किया है।

Train Update

इसके अलावा, दिल्ली-रेवाड़ी रेलखंड पर निर्माण कार्य के चलते पांच ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा। नई दिल्ली-जालंधर सिटी ट्रेन के मार्ग में भी अस्थायी बदलाव किया गया है। वहीं, दीपावली पर दिल्ली क्षेत्र के कई रेलवे आरक्षण केंद्रों की सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

हुए ये बदलाव

रेलवे के अनुसार, 1 नवंबर 2026 से ट्रेन संख्या 12280 और 12279 नई दिल्ली के बजाय हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से संचालित होंगी। ट्रेन संख्या 12280 पहले नई दिल्ली से सुबह 6:55 बजे रवाना होती थी। नई व्यवस्था में इसका प्रस्थान समय सुबह 7:05 बजे रखा गया है। वहीं, झांसी से आने वाली ट्रेन संख्या 12279 हजरत निजामुद्दीन रात 9:25 बजे पहुंचेगी।

5 ट्रेनें प्रभावित

पटली और जटौला जौरी सांपका स्टेशनों के बीच पुल संख्या 77 के पास निर्माण कार्य के लिए दो ब्लॉक लिए जाएंगे। प्रत्येक ब्लॉक चार घंटे का होगा। इसके कारण ट्रेन संख्या 09611 को 16 दिसंबर को अजमेर से 90 मिनट देरी से रात 9:15 बजे रवाना किया जाएगा।

वहीं, ट्रेन संख्या 54413 को 17 दिसंबर को रास्ते में 15 मिनट रोका जाएगा। ट्रेन संख्या 19031 को 16 दिसंबर को 45 मिनट, ट्रेन संख्या 20474 को 20 मिनट और ट्रेन संख्या 22481 को 10 मिनट रास्ते में रोककर चलाया जाएगा।

दिल्ली-जालंधर ट्रेन

उत्तर रेलवे ने परिचालन संबंधी कारणों से ट्रेन संख्या 14681 को 23 अक्टूबर को लुधियाना जंक्शन तक ही चलाया। वहीं, 24 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 14682 जालंधर के बजाय लुधियाना जंक्शन से रवाना होगी।

आरक्षण केंद्रों पर असर

8 नवंबर को दिल्ली क्षेत्र के कई रेलवे आरक्षण केंद्रों पर टिकट बुकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। आईआरसीए भवन, दिल्ली जंक्शन और हजरत निजामुद्दीन के आरक्षण कार्यालयों में शाम की पाली के दौरान शाम 6 बजे तक आंशिक सेवाएं मिलेंगी। वहीं, सरोजिनी नगर, कीर्ति नगर, गाजियाबाद, नोएडा, एम्स सहित कई केंद्रों पर दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक सेवाएं बंद रहेंगी।

संसद भवन, रेलवे बोर्ड, सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय स्थित आरक्षण केंद्र पूरे दिन बंद रहेंगे। ऐसे में यात्रियों को सफर से पहले संबंधित ट्रेन और आरक्षण केंद्र की स्थिति जांच लेनी चाहिए।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.