सोनीपत | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 अप्रैल को हरियाणा के यमुनानगर दौरे पर आ रहे हैं. इस दिन गोहाना विधानसभा क्षेत्र के गांव रूखी की बेटी सानिया पांचाल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगी. वो अपने गांव से पैदल दौड़ लगाते हुए यमुनानगर पहुंचेगी. इतनी प्रचंड गर्मी में उनकी यात्रा को देखते हुए गांव ही नहीं बल्कि आसपास के गांवों के लोग भी उन्हें हौसला-अफजाई करने पहुंचे और उन्हें तिरंगा झंडा देकर उन्हें रवाना किया.
कश्मीर से कन्याकुमारी की नापी दूरी
सानिया पांचाल ने बताया कि उन्होंने हाल ही में मात्र 98 दिन में कश्मीर से कन्याकुमारी तक 4148 किलोमीटर की दूरी दौड़ लगाते हुए पूरी की थी. मेरी उम्र की किसी भी लड़की ने यह कारनामा नहीं किया है. अब भी मेरे गांव से पैदल दौड़ लगाते हुए यमुनानगर जाऊंगी और प्रधानमंत्री से मुलाकात कर उनके बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दिया जाएगा.
गांव के सरपंच राजमल व संत स्वदेश कबीर ने बताया कि उन्हें बहुत खुशी हो रही है जो एक छोटे से गांव की बच्ची ने कश्मीर से कन्याकुमारी तक पैदल दौड़ते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. छोटी सी उम्र में ऐसा कारनामा करना वाकई काबिले- तारीफ है. हमें हमारी बेटी पर गर्व है कि उसने इतने कठिन कार्य को छोटी सी उम्र में पूरा कर दिखाया.
ओलम्पिक में पदक जीतने का सपना
उन्होंने बताया कि अब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने के लिए अपने गांव से यमुनानगर तक पैदल दौड़ लगाने का एक साहसिक निर्णय लिया है. हम उनकी सफलता की कामना करते हैं. सानिया पांचाल ने कहा कि दौड़ लगाना उनका सबसे बड़ा जुनून है और वो ओलम्पिक में पदक जीतकर हिंदुस्तान का नाम रोशन करना चाहती है. अपने इस सपने को पूरा करने के लिए वो निरंतर प्रयास करेगी.
