नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक जाम (Traffic Jam) से निजात दिलाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में दो सबसे व्यस्त चौराहों पश्चिमी दिल्ली में पीरागढ़ी चौक और दक्षिणी दिल्ली में अंधेरिया चौक पर ट्रैफिक जाम से छुटकारा दिलाने के लिए अंडरपास निर्माण की योजना बनाई है.
दिल्ली की बीजेपी सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि इस संबंध में अधिकारियों को डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके लिए जल्द ही एक एजेंसी को नियुक्त किया जाएगा.
ट्रैफिक जाम के प्वाइंट्स होंगे खत्म
PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि इन दोनों प्वाइंट्स से लगातार ट्रैफिक जाम की कई शिकायते सामने आ रही है जिसके बाद मैंने विभाग से इन जगहों पर ट्रैफिक समस्या के संभावित समाधान की वैकल्पिक योजनाएं शेयर करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बजट को उसी हिसाब से आवंटित किया जा सके. हम धीरे- धीरे पीडब्ल्यूडी विभाग की सड़कों के आसपास ऐसे सभी ट्रैफिक जाम के प्वाइंट्स को खत्म करेंगे.
प्रवेश वर्मा ने बताया कि दिल्ली सरकार ने बजट में सड़कों और फ्लाईओवर के लिए 3,800 करोड़ रूपए से ज्यादा का बजट आवंटन किया है, जिसका उपयोग राजधानी में सड़क के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए किया जाएगा.
जाम ख़त्म करने की बनाई योजना
पीडब्ल्यूडी विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सड़क वर्तमान में इस स्ट्रेच पर भारी यातायात को नहीं संभाल सकती है, जो एक तरफ उद्योग नगर, मुंडका, मंगोलपुरी सहित औद्योगिक क्षेत्र से घिरा हुआ है और दूसरी तरफ पश्चिम विहार जैसे आवासीय क्षेत्र है. एक छोटे से कॉरिडोर पर 4 ट्रैफिक चौराहे भीड़- भाड़ को बढ़ावा देते हैं, लेकिन अब इन प्वाइंट्स पर ट्रैफिक जाम ख़त्म करने की योजना बनाई गई है.
