दिल्ली में चंदगीराम अखाड़ा टी- प्वाइंट पर लालबत्ती से मिलेगा छुटकारा, यहां पर बनेगा नया फ्लाईओवर

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक जाम के झंझट को खत्म करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में राजधानी की BJP सरकार ने रिंग रोड पर सिविल लाइंस के पास पड़ने वाले चंदगीराम अखाड़ा टी- प्वाइंट मेटकॉफ (टी- जंक्शन) पर फ्लाईओवर निर्माण को मंजूरी प्रदान कर दी है.

Flyover Bridge 1

लाखों लोगों को पहुंचेगी राहत

इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर लाल बत्ती खत्म होने के साथ सलीमगढ़ बाईपास (शांतिवन) से वाया मजनू का टीला व सिग्नेचर ब्रिज तक का सिग्नल फ्री हो जाएगा. इस फ्लाईओवर के निर्माण से लाखों लोगों को फायदा पहुंचेगा. इससे सिविल लाइंस, उत्तरी दिल्ली, उत्तर- पूर्वी दिल्ली और बुराड़ी से नई दिल्ली के बीच रोजाना आवागमन करने वालों को जबरदस्त फायदा पहुंचेगा.

183 करोड़ रुपए होंगे खर्च

एक अधिकारी ने बताया कि 680 मीटर लंबा यह फ्लाईओवर सिविल लाइंस स्थित ट्रामा सेंटर से आगे डीआरडीओ के बीच बनेगा और इसके निर्माण पर 183 करोड़ रुपए खर्च होंगे. इस दौरान यहां सड़क की चौड़ाई भी बढ़ाई जाएगी. इसके अलावा, लोगों को परेशानी से बचाने के लिए यू- टर्न बनाया जाएगा. यहां फुटपाथ और सड़क पार करने के लिए अलग से कॉरिडोर बनाने की भी योजना है.

यह भी पढ़े -  नौकरी ज्वाइन करने के 10 मिनट बाद कैंडिडेट ने ठुकराया ऑफर, बॉस ने दी ऐसी जिम्मेदारी कि बन गया HR हेड

वर्तमान की बात करें तो चंदगीराम अखाड़े पर लालबत्ती के चलते पीक आवर्स में भयंकर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है. यदि आप ISBT कश्मीरी गेट से मजनू के टीला की तरफ जा रहे हैं, तो कई बार ट्रैफिक जाम की वजह से लालबत्ती को पार करने में करीब आधे घंटे का समय लग जाता है. इसी रूट से पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ की बसें भी आवागमन करती है. ऐसे में इस लालबत्ती पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है.

इन इलाकों को फायदा

चंदगीराम अखाड़े के टी- प्वाइंट (मेटकॉफ टी-जंक्शन) पर लालबत्ती का झंझट खत्म होने से सिविल लाइंस में रहने वाले लोग, पुरानी दिल्ली सचिवालय और विधानसभा के लिए आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी. ISBT से बुराड़ी और उत्तर- पूर्वी दिल्ली का आवागमन सुगम होगा. सलीमगढ़ बाईपास से मजनू के टीला के रास्ते में ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.