सिरसा | दिल्ली से वाया हिसार- सिरसा होते हुए पंजाब जाने वाले NH- 9 से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. केंद्र सरकार (Central Govt) ने इस हाइवे पर सिरसा जिले के गांव साहुवाला में सर्विस लेन और अंडरपास निर्माण को मंजूरी प्रदान कर दी है. सिरसा लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा द्वारा केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को लिखे पत्र पर संज्ञान लेते हुए यह फैसला लिया गया है.
सड़क हादसों पर लगेगा अंकुश
कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने बताया कि उनके संसदीय क्षेत्र सिरसा जिले में गांव साहुवाला NH- 9 पर दोनों ओर स्थित है. हाइवे की दोनों तरफ गांव की आबादी बसी हुई है. ऐसे में सर्विस रोड नही होने के चलते लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. इसलिए केंद्रीय सड़क मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर यहां सर्विस लेन और अंडरपास का निर्माण, सुरक्षा जाली लगाने के साथ-साथ सीमा को दर्शाने वाले संकेतक लगाने का अनुरोध किया गया था.
NHAI को निर्देश जारी
शैलजा ने कहा कि इनके अभाव में यहां आए दिन सड़क हादसे होते रहते थे, जिसके चलते कई लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा, लेकिन अब अच्छी खबर यह है कि उनके पत्र पर संज्ञान लेते हुए केंद्रीय सड़क मंत्री नितिन गडकरी ने NHAI के अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर दिए हैं.
