सिरसा | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) द्वारा नागरिकों को तमाम सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए परिवार पहचान पत्र (PPP) की शुरुआत की गई थी. यह एक ऐसी व्यवस्था थी, जिसके तहत परिवार के सभी सदस्यों का हर प्रकार का डाटा एक ही जगह उपलब्ध हो जाता था. जब किसी पात्र परिवार को किसी सरकारी योजना का लाभ उठाना होता है, तो उसके लिए भी परिवार पहचान पत्र अनिवार्य किया गया है.
आए दिन इनमें त्रुटियां मिलने की खबरें भी सामने आती रहती हैं. ऐसा ही कुछ सिरसा जिले के सुल्तानपुरिया गांव में रहने वाले एक परिवार के साथ हुआ. परिवार का 12वीं में पढ़ रहा 16 वर्षीय छात्र परिवार पहचान पत्र में शादीशुदा दिखाया गया है.
अनजान लड़की को बना दिया बेटी की पत्नी
मिली जानकारी के अनुसार, गांव के किसान हवा सिंह अपने बेटे सौरभ की पहचान से जुड़ी कमियों को ठीक करवाने के लिए बीते 2 सालों से हर जगह चक्कर काट कर थक चुके हैं. उन्होंने कहा कि उनके बेटे को एक अज्ञात 19 वर्षीया अमीना नाम की लड़की का पति बना दिया गया है. बैंक खाते में भी अमीना को सौरभ का नॉमिनी बनाया गया है. उन्होंने कहा कि उनका 16 साल का बेटा पढ़ाई कर रहा है. ना ही हमने कभी अमीना नाम की किसी लड़की को कभी देखा है, ना हम उसे जानते हैं.
छात्र को बना दिया परिवार का मुखिया
विभाग के कर्मचारी उस लड़की का नाम हटाने के लिए उसका मृत्यु प्रमाण पत्र या तलाक का प्रमाण पत्र मांग रहे हैं, जो कि संभव ही नहीं है. इसके अलावा, पिता की मौजूदगी के बावजूद सौरभ को ही परिवार का मुखिया दिखाया गया है और उन्हें सौरभ के बेटे के तौर पर दिखाया गया. विभिन्न समाधान शिविरों में भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया.
इस विषय में सिरसा के अतिरिक्त उपायुक्त का कार्यभार संभाल रहे सुभाष चंद्र ने कहा कि उन्हें परिवार पहचान पत्र में कई खामियों की शिकायतें मिली हैं. संबंधित अधिकारियों को उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं. इसमें यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही मिलेगी, तो उस पर सख्त कार्यवाही की जाएगी.
