रेवाड़ी शहर को मिली नए आउटर बाईपास की सौगात, लोगों को ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा

रेवाड़ी | सोमवार का दिन हरियाणा के लिए कई मायनों में ऐतिहासिक रहा है. बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती पर हरियाणा (Haryana) के दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने हिसार एयरपोर्ट, यमुनानगर में थर्मल पॉवर प्लांट और रेवाड़ी को नए बाईपास की सौगात दी है. पीएम मोदी ने वर्चुअल मोड से जिले के नवनिर्मित नेशनल हाइवे के बाईपास का शुभारंभ किया.

Highway Road 1

1069 करोड़ रुपए हुए खर्च

भारतमाला परियोजना के अंतर्गत हाइब्रिड एन्युइटी मोड पर बनाए गए 14.4 किलोमीटर लंबे इस बाईपास को अब वाणिज्यिक संचालन के लिए पूरी तरह से खोल दिया गया है. इसके निर्माण पर 1069.42 करोड़ रुपए की लागत आई है. इस बाईपास के शुरू होने से जहां रेवाड़ी शहर से ट्रैफिक दबाव कम होगा, तो वहीं दूसरी ओर दिल्ली से नारनौल की यात्रा में लगने वाला समय 1 घंटा कम हो जाएगा.

यह आउटर बाईपास जिले से गुजरने वाले रेवाड़ी जैसलमेर (NH- 11) से रेवाड़ी- रोहतक (NH- 352) और दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) को कनेक्टिविटी प्रदान करेगा. इस बाईपास के चालू होने से नारनौल और महेंद्रगढ़ से बावल- गुरुग्राम के बीच आवाजाही करने वाले लोगों को शहर में एंट्री करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. आउटर बाईपास खुलने से शहर के प्रमुख सर्कुलर रोड पर रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी छुटकारा मिलेगा.

यह भी पढ़े -  रेवाड़ी से खाटूश्याम जाने वालों को राहत, रेलवे ने बढ़ाई ट्रेन सेवा

भारी वाहनों की शहर में एंट्री होगी बंद

आउटर बाईपास शुरू होने पर भारी वाहनों को शहर में प्रवेश करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी. महेंद्रगढ़ से बावल व धारूहेड़ा की ओर जाने वाले वाहन झज्जर रोड बाईपास से नाईवाली चौक पर आने की बजाय नारनौल रोड की ओर टर्न लेकर सीधे बाईपास पर चढ़ सकेंगे. नारनौल से बावल व धारूहेड़ा की ओर जाने वाले वाहन सीधे हरीनगर फ्लाईओवर से पहले नए बाईपास पर चढ़ जाएंगे.

इसी तरह बावल और धारूहेड़ा की तरफ से नारनौल की ओर जाने वाले वाहन नए बाईपास से सीधे जैसलमेर हाइवे पर चढ़ जाएंगे, जबकि महेंद्रगढ़ की ओर जाने वाले वाहनों को झज्जर रोड बाईपास पर आना होगा. तीनों नेशनल हाइवे की कनेक्टिविटी 8 किलोमीटर तक कम हो जाएगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.