खुशखबरी: एक और नए रूट पर दौड़ने को तैयार दिल्ली मेट्रो, घणी आबादी के इन इलाकों को मिलेगा फायदा

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन माने जाने वाली मेट्रो से जुड़ी एक और अच्छी खबर सामने आई है. दिल्ली सरकार और दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण के तहत, मेट्रो की पिंक लाइन पर मजलिस पार्क से जगतपुर गांव तक का सेक्शन लगभग तैयार है. हाल ही में कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) इसकी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले चुके हैं. उनके द्वारा दिए गए सुझावों के आधार पर जरूरी सुधार करके इस सेक्शन को यात्रियों के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा.

Delhi Metro

उम्मीद जताई जा रही है कि इस महीने के आखिर तक इस सेक्शन पर मेट्रो सेवा को हरी झंडी दिखा दी जाएगी. जिसके बाद बुराड़ी जैसा दिल्ली का बेहद घनी आबादी वाला इलाका और उससे सटा जगतपुर और झड़ौदा गांव भी मेट्रो के नेटवर्क से जुड़ जाएगा.

पिंक लाइन को किया जा रहा एक्सटेंड

दिल्ली मेट्रो के तीसरे चरण में मजलिस पार्क से मौजपुर- बाबरपुर/ शिव विहार के बीच बनाई गई पिंक लाइन को चौथे चरण में मजलिस पार्क से मौजपुर तक विस्तार किया जा रहा है. इसी नए हिस्से पर 3 नए स्टेशन बुराड़ी, झड़ौदा माजरा और जगतपुर विलेज बनकर तैयार हो चुके हैं. ये तीनों एलिवेटेड स्टेशंस हैं, जो नॉर्थ दिल्ली की बेहद घनी आबादी वाले इलाकों से सटे हुए हैं.

जगतपुर से आगे सूरघाट होते हुए मेट्रो यमुना को पार करेगी और वहां से आगे सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा और यमुना विहार होते हुए मौजपुर- बाबरपुर तक जाएगी. जगतपुर से बाबरपुर तक के हिस्से को बनने में अभी करीब 6 महीने का समय और लगेगा.

यह भी पढ़े -  शाहदरा CBD में जजों के लिए आधुनिक हाउसिंग प्रोजेक्ट, दिल्ली सरकार की बड़ी योजना

इस हिस्से पर भजनपुरा और यमुना विहार के बीच वजीराबाद रोड पर एक डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है. जिसमें एक ही इंटिग्रेटेड स्ट्रक्चर पर रोड के ऊपर फ्लाईओवर होगा और उस फ्लाईओवर के ऊपर से मेट्रो लाइन गुजरेगी. चौथे चरण में जनकपुरी वेस्ट से आरके आश्रम के बीच जो नई लाइन बनाई जा रही है, उसके खुलने के बाद मजलिस पार्क का मेट्रो स्टेशन भी एक इंटरचेंज स्टेशन के रूप में तब्दील हो जाएगा, जिससे नॉर्थ दिल्ली से वेस्ट, सेंट्रल और नई दिल्ली आवाजाही आसान हो जाएगी. ऐसे में वजीराबाद रोड और रिंग रोड पर ट्रैफिक का दबाव भी कम हो सकेगा.

बन जाएगी रिंग मेट्रो लाइन

इसी साल के आखिर तक जब मजलिस पार्क- मौजपुर कॉरिडोर बनकर पूरी तरह तैयार हो जाएगा, तो मेट्रो की पिंक लाइन गोल आकार वाली एक रिंग का रूप ले लेगी, जो मौजपुर से शुरू होकर मौजपुर पर ही खत्म होगी. यह एक तरह से रिंग रोड या रिंग रेल की तरह अपने आप में अनूठी एक रिंग मेट्रो लाइन बन जाएगी, जिसकी एंड टु एंड कनेक्टिविटी होगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.