चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने मई के पहले सप्ताह में कैबिनेट मीटिंग बुला ली है. मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से जारी नोटिफिकेशन में लिखा है कि कैबिनेट मीटिंग 5 मई को सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता में होगी. मीटिंग दोपहर 2 बजे चंडीगढ़ सिविल सचिवालय की चौथी मंजिल पर आयोजित की जाएगी.
इन मुद्दों पर चर्चा की संभावना
इस मीटिंग में मुख्यमंत्री नायब सैनी कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) सहित अन्य मुद्दों पर फैसला लेंगे. हालांकि, सीएम पहले ही यह ऐलान कर चुके हैं कि मई में CET परीक्षा आयोजित की जाएगी. इस कैबिनेट मीटिंग में गेहूं की सरकारी खरीद को लेकर मंडियों में उपलब्ध व्यवस्था पर विस्तृत जानकारी ली जाएगी. हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं में विस्तार को लेकर भी प्रस्ताव रखा जा सकता है.
ग्रुप C-D पदों पर सीधी भर्ती के नियमों को मंजूरी
बैठक में मुख्य रूप से ग्रुप C व D पदों की सीधी भर्ती के लिए नियमों को मंजूरी दी जा सकती है. हरियाणा सरकार ग्रुप C व D पदों की सीधी भर्ती के लिए नए नियम बनाएगी. इस संबंध में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने आदेश जारी किए थे. बताया जा रहा है कि नए नियम सीईटी होने से पहले अधिसूचित किए जाएंगे.
इन नियमों को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (भर्ती प्रक्रिया) नियम 2025 कहा जाएगा. ग्रुप C के खाली पदों के लिए हरियाणा सरकार के विभाग हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को अपनी मांग प्रस्तुत करेंगे. वहीं, ग्रुप D पदों के लिए मानव संसाधन निदेशालय, हरियाणा के पास मांग भेजी जाएगी.
