करनाल | हरियाणा में ग़रीब परिवारों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण क्षेत्र) के तहत राज्य में कुल 69,325 लोगों को पक्के मकान का लाभ मिलेगा. इसके लिए 44,109 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. करीब 31 हजार लोगों को इस योजना के तहत पहली किस्त की राशि मिल चुकी है और जब मकान लेंटर तक पहुंच जाएगा, तब दूसरी किस्त जारी की जाएगी.
इतने रुपए मिलती सहायता
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में मकान निर्माण के लिए तीन किस्तों में 1.38 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है. पहली किश्त के रूप में 45 हजार रुपये, दूसरे किश्त के रूप में 60 तो तीसरी किश्त के रूप में 33 हजार रुपये की राशि दी जाती है. वहीं, शहरी क्षेत्र में मकान निर्माण के लिए ढाई लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि दी जाती है.
इस योजना के तहत, लाभार्थियों की बात करें, तो सबसे ज्यादा करनाल जिले में 10,328 लोगों को इस योजना का लाभ मिलेगा. रेवाड़ी जिले में 2 लोगों को इस योजना के तहत मकान निर्माण के लिए आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी.
30 अप्रैल तक करें आवेदन
वर्तमान में जिन लोगों के मकान निर्माण का काम जारी है, उन्हें आर्थिक सहायता राशि देने की प्रक्रिया चल रही है. नए टारगेट को लेकर लोगों से 30 अप्रैल तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. कैथल जिले में अब तक 30 हजार लोग प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आर्थिक सहायता राशि प्राप्त करने हेतु आवेदन कर चुके हैं.
