गुरुग्राम | NCR क्षेत्र में शामिल हरियाणा के शहरों के बीच ट्रैफिक संचालन को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) ने गुरुग्राम- झज्जर रोड से ट्रैफिक जाम ख़त्म करने की योजना बनाई है. इस योजना के तहत, धनकोट गांव से बाईपास का निर्माण किया जाएगा और मई के आखिर तक इस योजना को अंतिम रूप दे दिया जाएगा.
लोगों को राहत मिलेगी
वर्तमान में ओल्ड गुरुग्राम से झज्जर जाने के लिए वाहन चालक बसई रोड से होकर गुजरते हैं, लेकिन धनकोट गांव में सड़क संकरी होने के चलते खासकर पीक आवर्स के दौरान भयंकर ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है. गत वर्ष तत्कालीन डीसी निशांत कुमार यादव ने इस सड़क मार्ग को दुरुस्त करने की योजना बनाई थी.
इस योजना के तहत, सेक्टर- 102 स्थित MR गुरुग्राम ग्रीस सोसायटी के पास से वैकल्पिक मार्ग निकाला गया था, जो द्वारका एक्सप्रेसवे पर आकर मिलता था, लेकिन गुरुग्राम नहर के पास सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने की योजना सिरे नहीं चढ़ पाई. ऐसे में इस सड़क मार्ग पर लोगों को ट्रैफिक जाम के चलते खासी परेशानी झेलनी पड़ती है और 500 मीटर के इस रास्ते को पार करने में लगभग 25 मिनट तक का समय लग जाता है. इस समस्या के स्थाई समाधान को लेकर शहरी विकास मंत्रालय के प्रधान सलाहकार रिटायर्ड मुख्य सचिव डीएस ढेसी ने तैयारियां शुरू कर दी है.
जल्द दूर होगी तमाम अड़चनें
पिछले सप्ताह इस संबंध में GMDA अधिकारियों के साथ उनकी एक बैठक हुई थी जिसमें देखा गया कि सेक्टर 99 व 99A को विभाजित करने वाली मुख्य सड़क आगे जाकर गुरुग्राम- झज्जर सड़क मार्ग से जुड़ रहीं हैं. करीब 500 मीटर लंबी सड़क को लेकर जमीन अधिग्रहण का काम अधूरा पड़ा है.
ऐसे में विचार हुआ है कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की मदद से प्रस्तावित सड़क के लिए इस हिस्से की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा. सेक्टर 99 व 99A की मुख्य सड़क के निर्माण में जहां- जहां विवाद हैं, उसको तुरंत प्रभाव से दूर किया जाएगा.
