चंडीगढ़ | हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार ने प्रदेश के कर्मचारियों के लिए नई सुविधा शुरू की है. सरकार की तरफ से कर्मचारियों को ब्याज मुक्त अग्रिम राशि का लाभ दिया जाएगा. यह राशि गेहूं खरीद के लिए दी जाएगी. प्रदेश सरकार के इस फैसले की सराहना करते हुए ग्रुप D में कार्यरत कर्मचारियों ने सरकार का आभार व्यक्त किया है.
गेहूं खरीदने के लिए एडवांस राशि देगी सरकार
हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने सूबे के ग्रुप D कर्मचारियों को एक अच्छी खबर सुनाई है. सरकार ने इन कर्मचारियों को गेहूं खरीद के लिए 25 हजार रुपए की ब्याज मुक्त अग्रिम राशि देने का फैसला लिया है. इस अग्रिम राशि को समान मासिक किस्तों में वसूल किया जाएगा. इसकी पूरी राशि चालू वित्त वर्ष 2025- 26 की समाप्ति से पहले वसूल की जाएगी.
वित्त विभाग ने जारी किया पत्र
वित्त विभाग की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि अग्रिम राशि केवल स्थायी और अस्थायी नियमित कर्मचारियों को ही मिलेगी. ऐसे मामलों में जहां पति और पत्नी दोनों सरकारी सेवा में कार्यरत हैं, उनमें से किसी एक को ही अग्रिम राशि का लाभ मिलेगा.
