चंडीगढ़ | हरियाणा में सड़कों के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है. सूबे की नायब सैनी सरकार (Nayab Saini Govt) में लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि साल 2027 तक राज्य की सभी 12 फीट चौड़ी सड़कों की चौड़ाई बढ़ाकर 18 फीट की जाएगी. उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग और जनस्वास्थ्य विभाग के सर्कल अधिकारियों की संयुक्त बैठक में यह फैसला लिया गया है.
15 जून तक पूरा होगा मरम्मत कार्य
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 जून तक डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड के तहत आने वाली 13 हजार किलोमीटर से ज्यादा सड़कों की मरम्मत कार्य को पूरा किया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई निर्माण एजेंसी निर्धारित समयावधि के भीतर काम पूरा नहीं करती है, तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि जनता के भरोसे से BJP हरियाणा में लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटी है. हमें अब उस भरोसे पर खरा उतरना है. हमने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया है कि पूरे प्रदेश में खस्ताहाल स्थिति वाली 6 हजार किलोमीटर से ज्यादा सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा. इनके एस्टीमेट बन चुके हैं और प्रशासनिक मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
क्वालिटी से कोई समझौता नहीं
पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि हरियाणा में डबल इंजन की सरकार है और प्रदेश की सड़कों को अब हाइवे के स्तर पर तैयार किया जाएगा. सड़कों के निर्माण में क्वालिटी से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. सड़क निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने वाली एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. यदि इस मामले में कोई अधिकारी या कर्मचारी संलिप्त पाए गए, तो उनके खिलाफ भी सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
आज लोक निर्माण विभाग(PWD) और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) कैथल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जनसमस्याएं सुनी और मौके पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यथाशीघ्र निदान सुनिश्चित करें। pic.twitter.com/DO2tWiX8b7
— Ranbir Singh Gangwa (मोदी का परिवार) (@RanbirGangwa) April 18, 2025
जनस्वास्थ्य विभाग को दिए निर्देश
रणबीर गंगवा ने कहा कि सिर्फ सड़कों तक ही नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं कि राज्य के लोगों को स्वच्छ पेयजल और बेहतर सीवरेज व्यवस्था उपलब्ध कराई जानी चाहिए. उन्होंने बताया कि वाटर सप्लाई लाइन में लीकेज के मरम्मत कार्य को तुरंत प्रभाव से पूरा करने के आदेश दिए गए हैं. मानसूनी सीजन से पहले नालों और सीवरेज की सफाई का काम पूरा कर लिया जाएगा.
