चंडीगढ़ | हरियाणा की BJP सरकार ने प्रदेश की जनता के हित में एक बड़ा कदम उठाया है. प्रदेश सरकार (Haryana Govt) द्वारा 3 लाख रुपए से ज्यादा सालाना आमदनी वाले परिवारों के लिए शुरू की गई ‘चिरायु आयुष्मान भारत योजना’ का विस्तार कर दिया है. स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने घोषणा करते हुए कहा कि संशोधित योजना के तहत 3 लाख रुपये से ज्यादा और 6 लाख रुपये तक की सालाना आय वाले परिवार अब 4 हजार रुपए सालाना अंशदान देकर इस योजना का लाभ उठा सकेंगे.
आयुष्मान योजना का विस्तार
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि इसी तरह, 6 लाख रुपए से ज्यादा सालाना आय वाले परिवार 5 हजार रुपए का वार्षिक अंशदान देकर चिरायु आयुष्मान भारत योजना का लाभ उठा सकेंगे. इससे पहले फैमिली आईडी में सत्यापित इनकम के आधार पर 1.80 लाख रुपए से 3 लाख आय वाले परिवार सालाना 1500 रुपए का अंशदान देकर इस योजना का लाभ उठाने के पात्र थे.
क्या हैं चिरायु आयुष्मान भारत योजना?
यह योजना प्रति वर्ष प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवरेज प्रदान करती है, जिससे लाभार्थियों को सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों दोनों में कैशलेस उपचार प्राप्त करने में मदद मिलती है. पूरी तरह से डिजिटल, कागज रहित और पारदर्शी यह योजना प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के दिशा- निर्देशों के अनुरूप संचालित होती है, जो स्वास्थ्य लाभ पैकेजों की एक विस्तृत शृंखला के तहत उपचार तक निर्बाध पहुंच प्रदान करती है.
आरती राव ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के विस्तार से अब ज्यादा लोगों तक इस योजना का लाभ पहुंचेगा. इस विस्तार से यह सुनिश्चित होगा कि राज्य के हर निवासी को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो. हर आदमी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो, इसके लिए हमारी सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है.
