चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) ने किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए एक और बड़ा फैसला लिया है. मंगलवार को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किसानों को राहत देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अब तक जिन गांवों में चकबंदी नहीं हुई है, उन गांवों के किसानों की फसल “मेरी फसल- मेरा ब्योरा” पोर्टल की बजाय ऑफलाइन माध्यम से खरीदी जाए. इस बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर भी मौजूद थे.

किसानों को नहीं होगी परेशानी
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी. हमारी सरकार किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए लगातार उनके उत्थान के लिए काम कर रही है. हमारी सरकार द्वारा किसानों के गेहूं की फसल के एक- एक दाने की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद की जाएगी और इसके लिए प्रदेश की तमाम मंडियों में व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
ऑफलाइन खरीदी जाएगी फसल
उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिन गांवों में चकबंदी नहीं हुई है, उन गांवों का मेरी फसल- मेरा ब्योरा पोर्टल पर डाटा न होने के चलते वहां के किसानों को फसल बेचने में परेशानी हो रही थी. इस पर संज्ञान लेते हुए अब सरकार ने फैसला लिया है कि पोर्टल की बजाय इन गांवों में ऑफलाइन माध्यम से गेहूं की फसल की खरीद करवाई जाएगी.