हांसी | हरियाणा के हांसी स्थित सोरखी गांव के मुक्केबाज सूबेदार नरेंद्र बेरवाल ने एशियाई खेलों (Asian Games 2026) में भारत के लिए एक और पदक पक्की कर दिया है. बता दें कि रविवार (27 सितंबर) को पुरुषों के सुपर हेवीवेट वर्ग के क्वार्टर फाइनल में उन्होंने थाईलैंड के अदथापोंग सेंगतेप को पहले ही राउंड में हरा दिया. मुकाबला महज 1 मिनट 37 सेकंड चला और रेफरी को इसे बीच में रोकना पड़ा. इस जीत के साथ नरेंद्र सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं. मुक्केबाजी में अंतिम चार में जगह बनाने के कारण उनका कम से कम कांस्य पदक पक्का हो गया है.
नरेंद्र ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया. उन्होंने अपनी लंबी पहुंच का फायदा उठाते हुए सीधे पंच, हुक और अपरकट लगाए. थाई मुक्केबाज ने जवाब देने की कोशिश की, लेकिन लगातार लग रहे पंचों के कारण वह दबाव में आ गए.
3 बार हुई काउंटिंग
पहले राउंड में रेफरी को अदथापोंग के लिए तीन बार स्टैंडिंग काउंट देना पड़ा. इसके बाद मुकाबला जारी रखना सुरक्षित नहीं समझते हुए रेफरी ने नरेंद्र को विजेता घोषित कर दिया. नरेंद्र की जीत की खबर पहुंचने पर उनके पैतृक गांव सोरखी और हांसी क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया. परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया. ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की नजर अब उनके अगले मुकाबले पर है. नरेंद्र इससे पहले 2023 के एशियाई खेलों में भी कांस्य पदक जीत चुके हैं. इस बार उनके पास अपने पिछले प्रदर्शन से आगे बढ़ने का अवसर है.
View this post on Instagram
सेमीफाइनल में मुकाबला
नरेंद्र का अगला मुकाबला कजाकिस्तान के विश्व चैंपियन ऐबेक ओरलबाय से निर्धारित है. सेमीफाइनल जीतने पर वह स्वर्ण पदक के लिए फाइनल में उतरेंगे. फिलहाल, क्वार्टर फाइनल की जीत ने भारत के खाते में एक और मुक्केबाजी पदक पक्का कर दिया है. हालांकि, पदक का रंग अगले मुकाबले के परिणाम पर निर्भर करेगा. जिसपर सभी की निगाहें टिकी हैं.
