HTET अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर, बोर्ड ने रिजल्ट में संशोधन का लिया फैसला

पंचकुला | हरियाणा शिक्षक पात्रता (HTET) परीक्षा 2025 में शामिल अभ्यर्थियों के लिए परिणाम से जुड़ा अहम अपडेट सामने आया है. प्रश्नपत्र और उत्तरकुंजी को लेकर बड़ी संख्या में मिली आपत्तियों की समीक्षा के बाद हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने रिजल्ट में संशोधन करने का फैसला किया है. सरकार के निर्देश के बाद लिया गया यह निर्णय उन अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण है, जिनकी पात्रता पुनर्समीक्षा के बाद बदल रही है.

HTET

बोर्ड अब संशोधित परिणाम जारी करने की तैयारी कर रहा है. हालांकि, जिन अभ्यर्थियों को संशोधन के बाद पात्र श्रेणी में जगह मिलेगी, उनके लिए बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा होना जरूरी होगा.

शिकायतों के बाद हुई पुनर्समीक्षा

HTET के लेवल-1 PRT, लेवल-2 TGT और लेवल-3 PGT की परीक्षा 4 और 5 जुलाई को आयोजित हुई थी. इसके बाद 22 अगस्त को परिणाम घोषित किया गया. रिजल्ट आने के बाद अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र और उत्तरकुंजी के कई सवालों को लेकर आपत्तियां दर्ज कराईं. बोर्ड के पास ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से 25 हजार से अधिक शिकायतें पहुंचीं.

इन आपत्तियों पर तैयार पुनर्समीक्षा रिपोर्ट के आधार पर अब परिणाम में जरूरी संशोधन करने का निर्णय लिया गया है. इससे कुछ अभ्यर्थियों की पात्रता की स्थिति बदल सकती है.

यह भी पढ़े -  Haryana Weather: मानसून की विदाई से पहले फिर बदला मौसम, 6 जिलों में बारिश की चेतावनी

अभ्यर्थियों का होगा बायोमेट्रिक सत्यापन

बोर्ड अध्यक्ष शंकरलाल धूपड़ और सचिव दीपक बाबूलाल करवा के अनुसार, पुनर्समीक्षा के बाद पात्र श्रेणी में आने वाले ऐसे अभ्यर्थी जिनका बायोमेट्रिक सत्यापन बाकी है, उन्हें यह प्रक्रिया पूरी करने का मौका मिलेगा. इसके लिए बोर्ड अलग-अलग केंद्र निर्धारित करेगा. सत्यापन की तारीखों की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर जल्द जारी की जाएगी. बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद संशोधित परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा.

इसी साल HTET 2026 कराने की तैयारी

HTET 2025 के संशोधित परिणाम के साथ अगली शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर भी जानकारी सामने आई है. हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने HTET 2026 का आयोजन इसी वर्ष कराने का प्रस्ताव रखा है. यह परीक्षा हरियाणा सरकार के निर्देशों और न्यायालय के आदेश के अनुपालन में आयोजित की जानी प्रस्तावित है. इसके कार्यक्रम से जुड़ी विस्तृत जानकारी आने के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा की तारीख और अन्य जरूरी प्रक्रिया का पता चल सकेगा.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.