शहीद लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के घर पहुंचे केंद्रीय मंत्री खट्टर, परिजनों से मिलकर हुए भावुक

करनाल | जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में करनाल के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल शहीद हुए. गुरुवार करीब 9:30 बजे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर (Manohar Lal Khattar) ने उनके घर पहुंच कर परिजनों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने शहीद लेफ्टिनेंट विनय नरवाल को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.

Manohar Lal Khattar

पूर्व मुख्यमंत्री भी हुए भावुक

पूर्व मुख्यमंत्री खट्टर की आंखें भी इस दौरान नम नजर आईं. उन्होंने परिवार को हर संभव सहायता पहुँचाने का आश्वासन देते हुए इस घटना को काफी दुखद बताया. उन्होंने कहा कि विनय को अभी देश के लिए बहुत कुछ करना था, लेकिन आतंकवादी की कायराना हरकत से वह हमसे दूर हो गए. उन्होंने कहा कि मैं इसकी कड़े शब्दों में निंदा करता हूँ. इस कायराना हरकत में जो लोग शामिल थे, उन्हें सरकार किसी भी सूरत में नहीं बख्शेगी.

परिवार को मिलेगी हर संभव सहायता

उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उन्होंने बात की है और उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता सुनिश्चित करवाने का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि परिजनों की जो भी मांग होगी, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी. केंद्र सरकार की नीति के तहत, परिवार की हर संभव मदद की जाएगी.

बताते चलें कि विनय नरवाल भारतीय नौसेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कोच्चि में तैनात थे. वह अपनी पत्नी हिमांशी के साथ हनीमून के लिए पहलगाम आए थे. हाल ही में 16 अप्रैल को उनकी मसूरी में शादी हुई थी और वह 21 अप्रैल को जम्मू कश्मीर पहुंचे थे. 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने उन्हें गोली मार दी. अब देश भर में इस घटना के प्रति आक्रोश फैला हुआ है.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts