सिरसा | हरियाणा परिवहन विभाग (Haryana Transport Department) द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में सिरसा से अमृतसर साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं को रोडवेज ने बड़ी सौगात दी है. यातायात प्रबंधक सुधीर कुमार ने सुबह 09.40 बजे सिरसा बस स्टैंड से अमृतसर के लिए सीधी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
यह रहेगा शेड्यूल
सिरसा से यह बस सुबह 09.40 बजे रवाना होकर 11 बजे डबवाली, सवा 12 बजे भटिंडा और 01.54 बजे फरीदकोट से होते हुए शाम 5 बजे अमृतसर पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में अमृतसर से सुबह 06.25 बजे रवाना होकर 09.23 बजे फरीदकोट, साढ़े 11 बजे भटिंडा और 12.40 बजे डबवाली से होते हुए दोपहर 2 बजे सिरसा पहुंचेगी. इस बस में सिरसा से अमृतसर के लिए प्रति व्यक्ति किराया 375 रुपए निर्धारित किया गया है.
पंचकूला- फाजिल्का के लिए नई बस सेवा
सिरसा से पंचकूला के लिए एक और अतिरिक्त बस सेवा को हरी झंडी दिखाई गई है. यह बस शाम 04.40 बजे पंचकूला के लिए रवाना होगी. इससे पहले चंडीगढ़ के लिए शाम 3 बजे आखिरी बस जाती थी. वहीं, सिरसा से फाजिल्का के लिए भी सुबह 08.10 बजे नई बस सेवा को शुरू किया गया है.
यातायात प्रबंधक सुधीर कुमार ने बताया कि अमृतसर साहिब के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग को लेकर सिख समुदाय लंबे समय से आवाज उठा रहा था. सिखों की इस मांग को पूरा करने को लेकर रोडवेज प्रशासन लंबे समय से प्रयासरत था, जो अब जाकर पूरी हुई है. सिख समुदाय ने रोडवेज प्रशासन के इस कदम की सराहना करते हुए खुशी जाहिर की है.
