चंडीगढ़ | हरियाणा में ग्रुप C व D के लिए आयोजित होने वाली सामान्य योग्यता परीक्षा (CET) मई के अंतिम हफ्ते में होने की संभावना है. वहीं, रजिस्ट्रेशन पोर्टल भी अगले हफ्ते से खुल सकता है. इससे पूर्व हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की तरफ से विज्ञापन जारी होगा, जिसमें योग्यता संबंधी जानकारी दी जाएगी. सीईटी का इंतजार लाखों अभ्यर्थी कर रहें है.
लगातार हो रही बैठकें
इससे पहले सीईटी नवंबर 2022 में हुआ था. उसके बाद, यह लटका हुआ है. मुख्यमंत्री की तरफ से भी विधानसभा सत्र में सीईटी को मई में कराने का एलान किया था. सीएमओ दफ्तर में सीईटी की तैयारियों को लेकर निरंतर बैठकें की जा रहीं हैं. पिछले शुक्रवार को भी हुई एक मीटिंग में निर्धारित किया गया है कि 28 व 30 मई के बीच सीईटी का आयोजन कराया जा सकता है.
12 से 15 दिन के लिए खुलेगा पोर्टल
26- 27 मई से स्कूलों में ग्रीष्मावकाश शुरू हो जाएगा, इसलिए आयोग को यह तारीख सही लग रही है. सूत्रों के मुताबिक, इस बार रजिस्ट्रेशन पोर्टल सिर्फ 12 से 15 दिन के लिए खोला जाएगा. उसके बाद, गलतियों को ठीक करने के लिए 3 दिन का समय मिलेगा.
17 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
वन टाइम रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल खोला जाना है. इससे पहले विज्ञापन जारी होगा. इस विज्ञापन में रजिस्ट्रेशन से लेकर योग्यता, उम्र जैसे सभी जानकारियां होंगी. इस बार सीईटी में 17 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं. पिछले सीईटी में 11.50 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन दिया था, जिसमें से 8 लाख युवा परीक्षा में शामिल हुए थे.
