पंचकूला | हरियाणा के पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें CM नायब सैनी (Nayab Saini) ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. इस दौरान उनके साथ राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा सहित कई अन्य सीनियर नेता उपस्थित रहे. इस मौके पर बच्चों को शिक्षा की ओर आकर्षित करने की दिशा में हरियाणा सरकार ने एक नई पहल की शुरुआत की.
हर जिले में खुलेंगे परशुराम ज्ञान गंगा केंद्र
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने हरियाणा के प्रत्येक जिले में ‘परशुराम ज्ञान गंगा केंद्र’ खोलने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद छात्रों को विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग का लाभ मिलेगा. इससे छात्रों को उच्चस्तरीय मार्गदर्शन और बेहतर अवसर प्राप्त होंगे.
शस्त्र और शास्त्र के धनी, पराक्रम के कारक और सत्य के धारक, भगवान विष्णु के छठें अवतार, भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव की सभी देश-प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
भगवान परशुराम जी का जीवन युगों-युगों तक हम सभी के लिए प्रेरणादायी रहेगा। pic.twitter.com/u5Z1jVvYgU
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) April 29, 2025
परशुराम जयंती पर होगा अवकाश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम नायब सैनी ने कहा कि जिस प्रकार भगवान परशुराम ने शास्त्र और शस्त्र दोनों के माध्यम से अन्याय का नाश किया था, उसी तरह आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी देश को सुरक्षा और सम्मान दिलाने में सफलता हासिल कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि कैथल में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का नामकरण भगवान श्री परशुराम के नाम पर रहेगा. इसके साथ ही, भगवान परशुराम जयंती पर हरियाणा सरकार की ओर से राजपत्रित अवकाश घोषित किया गया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा को विकास की पटरी पर दौड़ाने में युवाओं को महत्वपूर्ण भूमिका अदा करनी होगी. उन्होंने युवाओं से भगवान परशुराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर नशामुक्त हरियाणा बनाने का संकल्प दोहराने का आग्रह किया. सीएम नायब सैनी ने ‘सबका साथ, सबका विश्वास’ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूल मंत्र बताते हुए सभी से एकजुट होकर प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया.
