चंडीगढ़ | हरियाणा में नए जिले, उपमंडल, तहसील और उप- तहसील बनाने को लेकर विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में गठित कमेटी सब- कमेटी को राज्य सरकार ने एक्सटेंशन दे दिया है. गत वर्ष 4 दिसंबर को गठित की गई इस कमेटी का 4 मार्च को कार्यकाल पूरा हो चुका था, लेकिन अब 30 जून तक इसका कार्यकाल बढ़ा दिया गया है.
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव और वित्तायुक्त राजस्व डॉ. सुमित मिश्रा ने इस कमेटी का कार्यकाल बढ़ाने के आदेश जारी कर दिए हैं. इस कमेटी में राजस्व एवं निकाय मंत्री विपुल गोयल, संसदीय कार्य मामले मंत्री महिपाल ढांडा और कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा शामिल हैं. कमेटी की 4 बैठकें हो चुकी हैं. जिलों से आई डिमांड की स्टडी के लिए संबंधित प्रशासन को निर्देश दिए जा चुके हैं.
5 नए जिले बनने की संभावना
इस कमेटी के पास 5 नए जिले हांसी, गोहाना, सफीदों, डबवाली और असंध बनाने की मांग आई हुई है. मानेसर को भी नया जिला बनाने की मांग उठ रही है, लेकिन कैबिनेट सब कमेटी के पास अभी तक लिखित में ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं आया है.
प्रस्ताव किया गया अनिवार्य
कैबिनेट सब कमेटी पिछली बैठकों में फैसला ले चुकी है कि राज्य में नए जिले, उपमंडल, उप तहसील और नई तहसीलें बनाने के लिए जिला उपायुक्तों की सिफारिश होना जरूरी है. वहीं, ब्लॉक समिति के लिए संबंधित विधानसभा क्षेत्र के विधायक, नगर पालिका या नगर निगम का प्रस्ताव अनिवार्य कर दिया गया है.
