नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर के इलाकों में बरसात का सिलसिला लगातार जारी है. इससे दिन के अधिकतम तापमान में 7 से 8 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है. रुक-रुक कर होने वाली बरसात से लोगों को भीषण गर्मी से राहत भी मिली है. राजधानी का अधिकतम तापमान 30 डिग्री वही नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. न्यूनतम तापमान में हालांकि ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं की गई है. न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
8 मई तक जारी रहेगी बरसात
इस बारे में जानकारी देते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर नरेश कुमार ने बताया कि 6 से 8 मई के बीच भी नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और दिल्ली में बरसात का सिलसिला जारी रहेगा. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी. उसके बाद 8 मई तक बरसात का सिलसिला जारी रहेगा.
आगे ऐसे रहेगा मौसम
इसके बाद मौसम साफ रहेगा. 9 और 10 मई को बादल रहेंगे और हल्की धूप रहेगी. आमतौर पर मई के महीने में अच्छी खासी गर्मी महसूस होती है लेकिन अबकी बार इस महीने की शुरुआत से ही तापमान में गिरावट का दौर जारी है. बरसात होने से बढ़ते हुए तापमान में मानो ब्रेक लग गए हो. पिछले अप्रैल के पूरे ही महीने में लोगों को गर्मी से काफी ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा था लेकिन अब जाकर आम जनता को राहत की सांस मिली है.
