चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने इसी महीने होने जा रहे कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) से पहले ग्रुप सी के अंतर्गत पहले से विज्ञापित 1,281 पदों को वापस लेने की अनुमति हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) को दे दी है. अब इन 13 ग्रुपों के पदों पर नए सिरे से भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी. बता दें कि इस संबंध में एचएचएससी ने सीएम सैनी को प्रस्ताव बनाकर भेजा था.
जानकारी के मुताबिक, वापस लिए जाने वाले पदों में ज्यादातर वह पद हैं, जिनके लिए विज्ञापन के बाद आवेदन तो ले लिए गए थे, मगर अभी तक उससे आगे की भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हुई थी. अब कयास लगाए जा रहे है कि इन पदों के लिए भर्ती विज्ञापन सीईटी 2025 के बाद जारी किया जाएगा. राहत की बात यह है कि जो अभ्यर्थी पहले के विज्ञापन में पात्र थे, वे सीईटी के बाद जारी होने वाले नए विज्ञापन के लिए भी पात्र माने जाएंगे.
जानें पूरा मामला
HSSC ने 16 अगस्त 2024 को पुलिस में सिपाही के 5,600 पदों का विज्ञापन जारी किया था. आयोग ने इन पदों के लिए आवेदन मांग रखे हैं. इसके बावजूद, अभी तक इसकी भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है. इसी प्रकार कई अन्य पदों के लिए लिखित परीक्षा हो चुकी है और उनकी चयन सूची भी जारी हो चुकी है, लेकिन इससे आगे की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है. अब सरकार ने निर्णय लिया है कि जिन पदों पर आगे की भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है, उन्हें वापस लिया जाएगा.
सरकार ने प्रस्ताव किया मंजूर
इसके लिए आयोग ने सरकार के पास प्रस्ताव भेजा, जिसे मंजूर कर दिया गया है. अब कर्मचारी चयन आयोग द्वारा इन पदों को वापस लेने के लिए अधिसूचना जारी की जाएगी. जिन पदों को वापस लिया जा रहा है, उनमें सबसे अधिक ड्राफ्ट्समैन सिविल के 367, आटो डीजल मैकेनिक के 319, फिटर के 180, सहायक ड्राफ्ट्समैन सिविल के 156 पद शामिल हैं.
