हरियाणा में किसानों के लिए खुशखबरी, अगले तीन महीने के भीतर मिलेंगे नए ट्यूबवेल कनेक्शन

महेंद्रगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी रविवार को महेंद्रगढ़ दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने राजकीय महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित धन्यवाद रैली में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. इस दौरान उन्होंने महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए कई बड़ी घोषणाएं की. इसके अलावा, उन्होंने महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए अलग से 5 करोड़ रुपए देने की घोषणा की.

tuble connection haryana

किसानों के लिए खुशखबरी

धन्यवाद रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किसानों के लिए एक बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने ट्यूबवेल बिजली कनेक्शन के लिए राशि जमा कर रखी है उन 1450 किसानों को 3 महीने के भीतर नया कनेक्शन जारी कर दिया जाएगा. वहीं, 2023 तक जिन किसानों ने ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए आवेदन किया है, वे भी जल्द पैसे जमा करवा दें, उनके कनेक्शन भी जल्द जारी कर दिए जाएंगे.

मांग पत्र जारी करने के निर्देश

प्रदेश सरकार द्वारा 27 जून 2024 को लिए गए निर्णय के अनुसार, राज्य में ऐसे सभी किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन जारी किए जाने हैं, जिन्होंने 01 जनवरी 2022 से 31 दिसंबर 2023 तक आवेदन किया हुआ है. उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक ने बताया कि पहले की तरह सौर ऊर्जा पर आधारित 10 बीएचपी तक के ट्यूबवेल कनेक्शन हरेडा द्वारा जारी किए जाएंगे तथा 10 बीएचपी से ऊपर और 35 बीएचपी तक के ट्यूबवेल कनेक्शन बिजली विभाग द्वारा जारी किए जाएंगे. उन्होंने बताया कि उन्होंने 11 जुलाई, 2024 को ऐसे सभी पात्र आवेदकों को मांग पत्र जारी करने के दिशा निर्देश पारित भी कर दिए हैं.

माईक्रो इरिगेशन सिस्टम लगवाना अनिवार्य

प्रबंध निदेशक ने बताया कि भूमिगत जल स्तर को ध्यान में रखते हुए ऐसे गांव जहां पर जल स्तर 100 फुट से नीचे चला गया है, वहां पर ट्यूबवेल कनेक्शन पाने के लिए पात्र आवेदक को माईक्रो इरिगेशन सिस्टम लगवाना अनिवार्य रहेगा. जहां जल स्तर 100 फुट तक उपलब्ध है, वहां पर पात्र आवेदक के पास माइक्रो इरिगेशन सिस्टम या भूमिगत पाइपलाइन में से किसी भी एक को लगवाने का विकल्प रहेगा. इसके अलावा, ट्यूबवेल कनेक्शन पाने के लिए पात्र आवेदक द्वारा थ्री स्टार एनर्जी एफिशिएंट मोटर पंप सेट लगाने की शर्त भी जारी रहेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.