चंडीगढ़ | हरियाणा में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. लंबे समय के इंतजार के बाद युवाओं का इंतजार अब समाप्त हो गया है. इस धमाकेदार खबर को सुनकर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवा खुशी से नाच उठेंगे. बता दें कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की तरफ से सामान्य पात्रता परीक्षा (CET) के लिए रजिस्ट्रेशन पोर्टल को खोल दिया गया है. CET के रजिस्ट्रेशन कल बुधवार यानि 28 मई से शुरू होने जा रहे हैं. सभी उम्मीदवार 28 मई से 12 जून तक आवेदन कर पाएंगे.
15 दिन का वक्त
ग्रुप-सी के लिए युवाओं को पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने के लिए 15 दिन का वक़्त दिया जाएगा. रजिस्ट्रेशन के हफ्ते या 10 दिन के बाद परीक्षा की तारीख निर्धारित की जाएगी. ग्रुप- सी के लिए सीईटी परीक्षा संभवतः जून के आखिर में हो सकती है, जबकि ग्रुप-डी के लिए यह परीक्षा जुलाई महीने में हो सकती है. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सूत्रों अनुसार ग्रुप- सी के लिए सीईटी में लगभग 15 लाख युवा शामिल हो सकते हैं, जबकि ग्रुप- डी के लिए यह आंकड़ा अधिक हो सकता है.
एक हफ्ते में स्कैन होगी आंसर की
दोनों मिलाकर यह आंकड़ा करीब 32 लाख का हो सकता है. अबकी बार बायोमीट्रिक हाजिरी व सभी सेंटरों की वीडियोग्राफी भी होगी. एग्जाम के 15 दिन बाद परीक्षा रिजल्ट घोषित होगा. कौन सी एजेंसी परीक्षा का आयोजन करेगी अभी इसका खुलासा नहीं हुआ है. परीक्षा होते ही परीक्षार्थियों से आपत्ति मांगी जाएंगी. एक हफ्ते में ही आंसर सीट स्कैन कराई जाएंगी. ऐसे में इस बार आयोग ने पूरी तैयारी कर ली है.
एक भी गोला न भरने पर कटेगा अंक
CET परीक्षा कुल 100 अंक की होगी, अगर पांचवें ऑप्शन को टिक नहीं किया तो नंबर कटेगा. कुल पांच गोले होंगे जिनमें से एक उत्तर देना जरूरी होगा. परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग तभी होगी, जब 5वां ऑप्शन नहीं भरा जाएगा. परीक्षा के लिए उम्मीदवारों की उम्र 18 साल से 42 साल के बीच होनी चाहिए. 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर पाएंगे.
परीक्षा में लेने होंगे इतने अंक
परीक्षा का समय 1 घंटा 45 मिनट रहेगा. रजिस्ट्रेशन फीस के बारे में बात करें तो पीपीपी और आधार कार्ड लगाने पर फीस में 50% तक छूट मिलेगी. महिलाओं व अनुसूचित जाति के आवेदकों को फीस में छूट मिलेगी. आरक्षित कैटेगरी के लिए 100 में से 40 अंक व सामान्य को 50 लेने अनिवार्य रहेंगे.
