पानीपत | हरियाणा की नायब सैनी सरकार प्रदेश के एक समान सर्वांगीण विकास को लेकर प्रतिबद्ध है और इस दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इन सबके बीच प्रदेश के ग्रामीण विकास को लेकर बड़ी योजनाओं की घोषणा की गई है. सोमवार को पानीपत जिले (Panipat District) के जिला सचिवालय में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में एक बैठक बुलाई गई थी, जिसमें मतलौडा खंड के सरपंच उपस्थित रहे.
ग्राम पंचायतों के लिए बड़ी घोषणाएं
सरपंचों के साथ बैठक के दौरान पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश की साढ़े 6 हजार ग्राम पंचायतों में ई- लाईब्रेरी स्थापित की जाएगी. वहीं, पंचायत भवनों के निर्माण के लिए 125 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है. प्रत्येक गांव में 21 लाख रुपए की लागत राशि से पंचायत भवन बनेगा और 4 लाख रुपए फर्नीचर पर खर्च होंगे.
2 हजार से ज्यादा तालाबों की बदलेगी तस्वीर
पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि विकास योजनाओं की श्रृंखला के दूसरे चरण में 541 गांवों में स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएगी. इन लाइटों के लगने से रात के अंधेरे में गलियां दूधिया रोशनी से जगमगा उठेगी. इससे आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने में भी मदद मिलेगी. इसके अलावा, 2 हजार से ज्यादा तालाबों का जीर्णोद्धार किया जाएगा. इनके किनारों पर छायादार पेड़ और रंग- बिरंगे फूलों वाले पौधे लगाए जाएंगे, ताकि तालाबों की खूबसूरती को बढ़ावा मिल सके. लोगों के घूमने के लिए तालाब के चारों ओर पक्की पगडंडी बनाई जाएगी.
बैठक के दौरान पंचायत मंत्री ने ग्राम सचिवों को निर्देश दिए कि वे समय पर गांव पहुंचे और सरपंचों का सहयोग करें. इसमें लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी. इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि सरकारी ट्यूबवेल आपरेटर्स को 8 घंटे की ड्यूटी के साथ ग्राम पंचायत अन्य काम भी दे सकती है. पंचायत मंत्री ने गांवों को पॉलिथीन मुक्त बनाने को प्राथमिकता बताते हुए इसपर विशेष फोकस करने की बात कही.
