हिसार से गुरुग्राम- पानीपत तक बड़े प्रोजेक्ट की तैयारी, सिंगापुर के निवेशकों ने दिखाई दिलचस्पी

हिसार | हरियाणा में गुरुग्राम और मानेसर जैसे इलाके पहले से ही बड़ी कंपनियों और उद्योगों का हब बने हुए हैं. अब प्रदेश के दूसरे हिस्सों में भी नई तकनीक, डिफेंस, हाउसिंग और दूसरे उद्योगों को आगे बढ़ाने की तैयारी चल रही है. इसी बीच सिंगापुर के निवेशकों ने हरियाणा में कई क्षेत्रों में पैसा लगाने को लेकर दिलचस्पी दिखाई है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन सोमवार को सिंगापुर इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ फोरम में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से बातचीत की.

City

इस दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे. चर्चा में लॉजिस्टिक्स, शहरी विकास, टेक्नोलॉजी, मैन्युफैक्चरिंग और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर बात हुई.

डिफेंस सेक्टर पर फोकस

इसी बीच हिसार और आसपास के क्षेत्र में डिफेंस सेक्टर से जुड़े निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई. इसके अलावा प्रदेश में डाटा सेंटर स्थापित करने, नई तकनीक अपनाने और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने जैसे मुद्दों को लेकर भी बातचीत की गई. हरियाणा में सिंगापुर की कंपनियों के साथ लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन के क्षेत्र में भी साझेदारी बढ़ाने की संभावना देखी जा रही है. वहीं, गुरुग्राम और इसके आसपास इंटीग्रेटेड टाउनशिप, कमर्शियल प्रोजेक्ट और आधुनिक शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम बढ़ाने की संभावनाएं हैं.

हाउसिंग पर भी चर्चा

निवेश को लेकर हुई बातचीत केवल उद्योगों तक सीमित नहीं रही. पानीपत में हाउसिंग सेक्टर के विकास पर भी चर्चा हुई. वहीं, गुरुग्राम में कम कीमत वाले रिहायशी क्षेत्र विकसित करने और किराये के मकानों से जुड़ी हाउसिंग फॉर रेंटल पॉलिसी पर भी बातचीत की गई. टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में सिंगापुर की कंपनियों के डिजिटल, फाइनेंशियल और प्रोफेशनल ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर हरियाणा में स्थापित करने की संभावनाओं पर जोर दिया गया. इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे सेक्टर भी चर्चा में रहे.

शिक्षा क्षेत्र में हुई पार्टनरशिप

वहीं, हरियाणा ने सिंगापुर स्थित ग्लोबल स्कूल्स ग्रुप के साथ पार्टनरशिप की है. इसके जरिए K-12 एजुकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने की योजना है. इस प्रोजेक्ट से करीब 2 हजार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद जताई गई है. इससे पहले 2017 में भी हरियाणा और सिंगापुर की कंपनियों व संस्थाओं के बीच लॉजिस्टिक्स, टाउनशिप, एविएशन, स्मार्ट सिटी, वेलनेस, पावर और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े 5 बड़े समझौते हुए थे. इनकी प्रस्तावित कीमत 3.8 बिलियन सिंगापुर डॉलर यानी करीब 28,584 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई थी.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.