चंडीगढ़ | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की तरफ से ग्रुप D रिजल्ट का इंतजार कर रहे युवाओं को बड़ा तोहफा दिया गया है. HSSC ने ग्रुप डी का संशोधित परिणाम जारी किया है, जिसमें कई उम्मीदवार बाहर भी हुए हैं. ऐसे में अगर आप भी इस भर्ती में शामिल थे, तो आपको अपना परिणाम चेक कर लेना चाहिए. बता दें कि यह परिणाम सिर्फ ESP कैटेगरी के लिए है.
संशोधित परिणाम जारी
HSSC ने ग्रुप D भर्ती 2018 के अंतर्गत ESP (Eligible Sports Person) केटेगरी के अभ्यर्थियों की संशोधित चयन लिस्ट जारी की है. यह रिजल्ट 28 मई 2025 को आधिकारिक वेबसाइट पर पब्लिश किया गया है. इस लिस्ट में उन उम्मीदवारों के नाम शामिल है, जिनके स्पोर्ट्स ग्रेडेशन सर्टिफिकेट की नई पुष्टि हरियाणा खेल विभाग से मिली है, जो 25 मई 2018 की नीति के अनुसार वैलिड मिले हैं.
मेरिट और पसंद अनुसार मिले पद
आयोग ने पहले 14 जुलाई 2024 और 15 मई 2025 को भी कुछ परिणाम घोषित किए थे, परअब इस नई रिपोर्ट के आधार पर पहले से प्रकाशित सूचियों में संशोधन किया गया है. इस नए रिजल्ट में चयनित अभ्यर्थियों को उनके मेरिट और पसंद के मुताबिक विभाग व पद आबंटित किए गए हैं. जैसे कि ESI हेल्थ केयर, स्टेट ट्रांसपोर्ट, पशुपालन विभाग, सिंचाई विभाग, कृषि विभाग, शहरी स्थानीय निकाय, शिक्षा विभाग आदि में चपरासी (Peon), बेलदार, एनिमल अटेंडेंट, हेल्पर, माली, रोड मेट, कुक, टायरीमैन, मैकेनिकल हेल्पर इत्यादि.
कुछ उम्मीदवारों का चयन रद्द
आयोग ने यह भी साफ किया है कि कुछ ऐसे अभ्यर्थी, जो पहले चयनित थे. मगर अब नवीनतम सत्यापन रिपोर्ट के मुताबिक मेरिट में नीचे हो गए हैं, उनका सिलेक्शन रद्द कर दिया गया है. अगर किसी उच्च मेरिट वाले उम्मीदवार का ग्रेडेशन सर्टिफिकेट वैध पाया जाता है, तो पहले चयनित उम्मीदवार को बिना सूचना के बाहर किया जा सकता है, भले ही उसकी जॉइनिंग हो गई हो.
