पानीपत | साल 2014 से प्रकृति संरक्षण की अलख जगाए हरियाणा के पानीपत के रहने वाले ट्रीमैन देवेंद्र सूरा प्रदेश के अलग- अलग जिलों में अब तक 26 ऑक्सीजन बाग लगा चुके हैं. वह चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाए जाएं और पर्यावरण संरक्षण किया जाए. अब वह अपने शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए जुटे हुए हैं. इसके लिए वह चारों तरफ पौधारोपण की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह शहर के सेक्टर 23 में 11000 से ज्यादा पौधे लगा चुके हैं.
आज यहां सेक्टर हरा भरा हो चुका है. यहां रहने वाले लोग पर्यावरण संरक्षण के प्रति सचेत और प्रेरित हो रहे हैं. यहां पेड़ पौधों पर विभिन्न प्रजातियों के पक्षी भी वास कर रहे हैं.
अब तक लगाए 2.16 लाख पौधे
खास बात यह है कि इस काम में वह अपना पूरा वेतन तक खर्च कर देते हैं. उनके घर का खर्च उनके सेना से सेवानिवृत्त पिता चला रहे हैं. अब तक वह 2.16 लाख से ज्यादा पौधे लगा चुके हैं. उन्होंने जो भी पौधे लगाए हैं, वह सब अच्छे खासे फल- फूल रहे हैं. उनकी इस मुहिम में प्रकृति से प्रेम रखने वाले अन्य युवा भी सहयोग करते हैं. ग्राम पंचायत और प्रशासन की खाली जमीन पर इजाजत लेकर पौधारोपण कर चुके हैं. आज उनसे प्रेरणा पाकर हजारों युवा पर्यावरण के प्रति सजग होकर उनके साथ निभा रहे हैं.
सोनीपत में भी घना जंगल बनाने का सपना
वह बताते हैं कि राजधानी दिल्ली में सरकारी जमीनों पर घना वन क्षेत्र है, जिसकी तर्ज पर सोनीपत निगम क्षेत्र में भी ऐसा ही क्षेत्र तैयार करने का लक्ष्य बनाया है. इसके लिए तत्कालीन निगम आयुक्त विश्राम कुमार मीणा भी सहमत हो गए थे. सोनीपत शहर प्रदूषण की मार झेल रहा है, जिस कारण वह चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा यहां पर पौधारोपण किया जाए, ताकि लोगों को हरे- भरे माहौल में सांस लेने का मौका मिल सके.
