पलवल वासियों को CM ने दी बड़ी सौगातें, अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सहित इन प्रोजेक्ट्स का मिला तोहफा

पलवल | हरियाणा के सीएम नायब सैनी शुक्रवार को पलवल दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने अनाज मंडी में आयोजित धन्यवाद रैली में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि पलवल की ब्रज भूमि पर आकर वह खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं. इस धरती से मेहनत और वीरता की खुशबू आती है. विधानसभा चुनाव में आपने बीजेपी को ऐतिहासिक जीत दिलाई हैं, इसके लिए सभी का आभार व्यक्त करता हूं.

Nayab Singh Saini

अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की सौगात

अनाज मंडी में आयोजित धन्यवाद रैली में करोड़ों रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पलवल में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स बनाने और बडौली को उप- तहसील बनाने की घोषणा की. इसके अलावा, बल्लभगढ़ से होडल तक आगरा नहर की पटरी पर सड़क के विस्तार की भी घोषणा की.

मुख्यमंत्री ने 15.68 करोड़ रुपये की तीन परियोजनाओं का उद्घाटन और 24.71 करोड़ रूपए की चार परियोजनाओं का शिलान्यास किया. उन्होंने लघु सचिवालय में बनाए गए दो हजार ईवीएम यूनिट की क्षमता के वेयर हाउस, घुघेरा गांव में खेल स्टेडियम और हथीन में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस का उद्घाटन किया. इसके साथ ही, शेखपुर से नंगला जकोपुर सड़क का चौड़ीकरण व सुंदरीकरण, जिला परिषद क्षेत्र में सड़कों के मरम्मत व सात सड़कों के चौड़ीकरण व सुंदरीकरण का शिलान्यास किया. इसके अलावा ग्रामीण विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए अलग से देने की घोषणा की.

पलवल जिले के लिए कई बड़ी घोषणाएं

  • खेल मंत्री गौरव गौतम की मांग पर सीएम नायब सैनी ने कहा कि पलवल विधानसभा क्षेत्र में 152 किलोमीटर की 75 सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी.
  • 37.5 किलोमीटर की 8 सड़कों की मरम्मत के लिए 37.57 करोड़ रुपये और 54.5 किलोमीटर लंबाई की 26 सड़कों के नवीनीकरण के लिए 40.18 करोड़ देने की घोषणा की.
  • पलवल शहर से बाहर भूमि उपलब्ध होने पर नई अनाज मंडी का निर्माण किया जायेगा.
  • सेक्टर- 21 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए 50 करोड़ रुपये की घोषणा की.
  • मुस्तफाबाद में 66 kV और पलवल में लाइन पार क्षेत्र में 220 Kv का सब- स्टेशन बनाने की घोषणा की.
  • पलवल शहर में भूमि उपलब्ध होने पर विभागीय मानदंडों के अनुरूप दो नए स्कूल खोले जाएंगे.
  • जनौली डिस्ट्रीब्यूटरी की रिमाॅडलिंग के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की.
Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.