सिरसा | हरियाणा में अभी तक एक भी IIT नहीं है. अब हरियाणा राज्य का पहला इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) सिरसा में खुल सकता है. सरकार के आर्डर पर सिरसा में इसके लिए स्थान ढूंढने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. आईआईटी बनाने के लिए कम से कम 300 एकड़ जगह चाहिए होगी. राज्य सरकार ने केंद्र के साथ मिलकर आईआईटी शुरू करने का निर्णय लिया है.
जिला प्रशासन ने मांगी जमीन की जानकारी
तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रस्ताव के बाद सरकार ने सिरसा से भूमि को लेकर जानकारी से जुडा प्रस्ताव तैयार करने के आदेश जारी किए हैं. जिला प्रशासन द्वारा गांव मिट्टी सुरेखं पंचायत से 300 एकड़ पंचायती भूमि की नकल जमाबंदी व अक्स शिजरा की कॉपी मांगी गयी है. पंचायत से भी आईआईटी के लिए जमीन उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव भी पास करवाने के आर्डर जारी किए गए हैं.
देशभर के छात्र आएंगे पढ़ने
पंचायत से प्रस्ताव, भूमि संबंधी कागज आने के बाद इसे सरकार के पास भेजा जाएगा. इसके बाद, सरकार द्वारा आगे का फैसला किया जाएगा. अगर सिरसा में आईआईटी खुल जाता है तो देश भर से छात्र यहां पढ़ने आएंगे. यहां न सिर्फ शिक्षा के स्तर में सुधार होगा, बल्कि व्यापार भी बढ़ेगा. देश के आईआईटी संस्थानों में एडमिशन जेईई मेन व जेईई एडवांस के जरिये होता है.
किए जा सकेंगे विभिन्न कोर्स और डिप्लोमा
मद्रास, दिल्ली, मुम्बई, गोवाहाटी, कानपुर, खड़गपुर, रुड़की, धारवाड़, रोपड़, इंदौर सहित अन्य प्रदेशों में भी IIT का संचालन किया जा रहा है. इसमें यूजी स्तरीय कोर्स, पीजी और पीएचडी के साथ-साथ बीटेक एमटेक, एमबीए, एमएससी जैसे कोर्स भी किये जा सकेंगे. इसके अतिरिक्त कई प्रकार के डिप्लोमा भी हो पाएंगे.
