हिसार | हरियाणा के हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे से अब चंडीगढ़ और अयोध्या के लिए उड़ान सेवाएं शुरू हो चुकी हैं. अब यहां से जयपुर, जम्मू और अहमदाबाद के लिए भी हवाई सेवाएं शुरू की जाएंगी. बता दें कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को हिसार एयरपोर्ट से चंडीगढ़ के लिए उड़ान का शुभारंभ करने पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि बीते 11 सालों के दौरान देश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डेढ़ सौ से ज्यादा एयरपोर्ट की सौगात प्राप्त की है.
CM सैनी ने की फ्लाइट सेवा की शुरुआत
मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदेश के लोगों को एयरपोर्ट के रूप में दी गई सौगात का विकास करना प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है. इसके बाद, मुख्यमंत्री द्वारा हिसार हवाई अड्डे से चंडीगढ़ के शहीद भगत सिंह हवाई अड्डे के बीच फ्लाइट सेवा का शुभारंभ किया गया. इस पहली फ्लाइट में मुख्यमंत्री खुद भी सवार हुए. उनके साथ कई मंत्री और विधायकों समेत कुल 20 यात्री भी मौजूद रहे.
विपक्ष पर बरसे सीएम सैनी
सीएम सैनी ने विपक्षी दल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का संगठन पूरी तरह से मरा पड़ा है. इस पार्टी को लोगों ने रिटायर कर दिया है. इस मौके पर उड्डयन मंत्री विपुल गोयल, पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा, नलवा विधायक रणधीर पनिहार, हांसी विधायक विनोद भयाना, हिसार विधायक सावित्री जिंदल, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली, महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, पूर्व मंत्री अनूप धानक व पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई मौजूद रहे.
