झज्जर | हरियाणा के झज्जर सहित पूरे प्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा ग्रेजुएशन कोर्स में दाखिले के लिए नया शेड्यूल जारी किया गया है. अब छात्र 16 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. पहली मेरिट लिस्ट 26 जून को जारी होगी. चयनित विद्यार्थियों को 30 जून तक फीस जमा करवाने का मौका मिलेगा.
ऑनलाइन दस्तावेज़ वेरिफिकेशन की सुविधा
नेहरू कॉलेज झज्जर के मीडिया प्रभारी डॉ. अमित भारद्वाज ने बताया कि दस्तावेजों की ऑनलाइन वेरिफिकेशन 22 जून तक करवाई जा सकेगी. इसके लिए छात्रों को कॉलेज आने की जरूरत नहीं है. अगर किसी विद्यार्थी के दस्तावेजों में कोई आपत्ति पाई जाती है तो उसे रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से जानकारी दी जाएगी. विद्यार्थी अपने आवेदन फॉर्म में ऑनलाइन ही सुधार कर सकेंगे. पात्र विद्यार्थियों की सूची 23 जून को जारी की जाएगी.
देखें शेड्यूल
25 जून को पहली प्रोविजनल मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी. इसके बाद, 26 जून को फाइनल मेरिट लिस्ट जारी होगी. जिन छात्रों का नाम इस लिस्ट में होगा, वे 27 से 30 जून के बीच फीस जमा करवा सकेंगे. दूसरी प्रोविजनल मेरिट लिस्ट 2 जुलाई को और फाइनल लिस्ट 3 जुलाई को जारी की जाएगी. इसमें शामिल विद्यार्थियों को 4 से 7 जुलाई तक फीस भरनी होगी.
9 जुलाई से होगी ओपन काउंसलिंग
खाली बची सीटों को भरने के लिए 9 जुलाई से ओपन काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी. 10 जुलाई से एडमिशन पोर्टल पर नए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. 11 से 17 जुलाई के बीच ₹100 लेट फीस के साथ आवेदन किया जा सकेगा. वहीं, 18 से 24 जुलाई तक ₹100 लेट फीस के साथ- साथ ₹100 प्रतिदिन अतिरिक्त शुल्क भी देना होगा. सभी विद्यार्थियों को उच्चतर शिक्षा विभाग के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा.
परिवार पहचान पत्र अनिवार्य
जिन कोर्सों में एक से अधिक विषयों के कॉम्बिनेशन हैं, वहां विद्यार्थियों को कम से कम पांच विकल्प भरने होंगे. आवेदन के लिए परिवार पहचान पत्र जरूरी है. जिन छात्रों के पास अभी 12वीं का सर्टिफिकेट नहीं है, वे रिजल्ट की कॉपी भी अपलोड कर सकते हैं. हरियाणा से बाहर के छात्र अखिल भारतीय कोटे के तहत आवेदन कर सकते हैं. दाखिला मेरिट के आधार पर ही दिया जाएगा.
