चंडीगढ़, Haryana Weather Update | हरियाणा में गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है. सूरज की तीखी किरणों ने धरती को तपाना शुरू कर दिया है. सुबह होते ही तेज धूप और लू लोगों का जीना मुश्किल कर रही है. दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आता है, जो गर्मी की मात्रा को दर्शाता है. इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के 9 जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. विभाग का अनुमान है कि हरियाणा का अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ द्वारा 13 जून को हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में रेड अलर्ट जारी किया गया है. गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, जींद, पानीपत और सोनीपत में ऑरेंज अलर्ट और पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में येलो अलर्ट जारी किया गया है. 14 जून को भी 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 13 जिलों में येलो अलर्ट रहने की चेतावनी दी गई है.
इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने 13 जून को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बारिश के आसार जताए हैं. 14 जून को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में भी बारिश की संभावना है. बृहस्पतिवार को सिरसा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां का अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह बुधवार के मुकाबले 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. इसके साथ ही हिसार, रोहतक, नारनौल और सिरसा में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है.
