पलवल के स्टूडेंट्स ने मामूली खर्च में तैयार कर डाली झाड़ू- पोंछा करने की मशीन, मोबाइल से होगी कंट्रोल

पलवल | हरियाणा के पलवल जिले के विद्यार्थियों ने एक अनोखा प्रयोग करते हुए एक ऐसी सफाई मशीन तैयार की है, जो हर घर और ऑफिस में उपयोगी साबित हो सकती है. श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन के विद्यार्थियों ने इस मशीन को केवल ₹8000 की लागत में बनाया है. यह मशीन न सिर्फ साफ- सफाई का काम करती है, बल्कि मोबाइल से भी ऑपरेट होती है.

Jhadu Pocha Machine Palwal

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि की हर तरफ सराहना हो रही है. विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर दिनेश कुमार ने भी विद्यार्थियों को बधाई दी है.

मोबाइल से होगी ऑपरेट

इस मशीन की खास बात यह है कि इसे मोबाइल फोन से आसानी से कंट्रोल किया जा सकता है. लोग अपने सोफे पर बैठे-बैठे मोबाइल के इशारे पर पोछा लगवा सकते हैं. आमतौर पर घरों और ऑफिसों में पोछा लगाना एक थकाने वाला काम होता है, लेकिन अब यह काम तकनीक के जरिए बेहद आसान हो गया है. विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई इस मशीन को देखकर अन्य विद्यार्थी भी प्रेरित हो रहे हैं.

बेहद आसान है ऑपरेशन

कुलपति प्रोफेसर दिनेश कुमार ने बताया कि इस इनोवेशन को तैयार करने वाले विद्यार्थियों को आगे भी प्रोत्साहित किया जाएगा. इस सफाई मशीन को विद्यार्थी सागर सिंह, वृन्दा शर्मा, भूमिका शर्मा और मोहित ने मिलकर तैयार किया है. मशीन वैक्यूम क्लीनर की तरह धूल और मिट्टी को खींच लेती है और साथ ही पोछा भी लगाती है. इस मशीन की खासियत यह है कि यह वजन में हल्की है और केवल 800 ml पानी में ही एक कमरे की सफाई कर सकती है.

इसे मोबाइल ऐप के ज़रिए कंट्रोल किया जा सकता है. छात्रा वृन्दा शर्मा ने बताया कि इसमें तीन इंफ्रारेड सेंसर, एक अल्ट्रासोनिक सेंसर, बीएलडीसी मोटर और डीसी मोटर इंस्टॉल की गई हैं. यह मशीन माइक्रोकंट्रोलर से संचालित होती है. ब्लूटूथ की मदद से मोबाइल फोन से आसानी से कनेक्ट हो जाती है.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts