हिसार, Haryana Weather Update | हरियाणा में भले ही बरसात का दौर शुरू हो चुका है, लेकिन लोगों को गर्मी से अब भी खास राहत नहीं मिल पाई है. दिनभर उमस और चिपचिपी गर्मी के कारण लोग परेशान नजर आए. मौसम विभाग के अनुसार 19 जून तक इसी तरह बारिश का सिलसिला बना रहेगा. उसी दिन से प्री- मानसून हवाएं सक्रिय होंगी, जिससे उत्तर- पूर्वी हरियाणा में बरसात की गतिविधियां तेज हो सकती हैं.
आज इन जिलों में होगी बरसात
मौसम विभाग ने आज भी उत्तर-पूर्वी जिलों में 50% तक बरसात के आसार जताए हैं. इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल शामिल हैं. इन क्षेत्रों में 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. इससे पहले मंगलवार को प्रदेश के 14 जिलों में झमाझम बरसात देखने को मिली.
सबसे ज्यादा 92.8 मिमी बारिश हिसार में रिकॉर्ड की गई, जबकि रेवाड़ी में 74.5 मिमी, महेंद्रगढ़ में 43.8 मिमी, मेवात में 30 मिमी, गुरुग्राम में 26.7 मिमी और भिवानी में 24 मिमी बारिश दर्ज हुई.
20 जून के बाद मानसून की दस्तक संभव
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि 20 जून के बाद कभी भी हरियाणा में मानसून की एंट्री हो सकती है. सामान्य तौर पर मानसून 29 जून को प्रदेश में प्रवेश करता है, लेकिन इस बार इसके 4 से 5 दिन पहले आने की संभावना जताई जा रही है.
