हिसार, Haryana Mausam | हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है. ज्यादातर जिले ऐसे हैं जहां का आसमान बादलों से ढका हुआ नजर आ रहा है. कहीं- कहीं रुक- रुक कर बरसात भी देखी जा रही है. चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ द्वारा मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया गया कि प्रदेश के लगभग सभी इलाकों में 20 तारीख से बरसात की संभावना बन रही है.
21 से 23 जून के बीच होगी बारिश
उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से प्री मानसून की हवाएं राज्य में दाखिल होंगी. इस कारण 21 से 23 जून के दौरान बरसात का दौर जारी रहेगा. मध्य प्रदेश व राजस्थान के कुछ इलाकों में मानसून की एंट्री हो चुकी है. हरियाणा में भी जून के आखिरी सप्ताह में यह दाखिल हो सकता है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग पहले ही मानसून के सामान्य से ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना जता चुका है.
फसलों के लिए फायदेमंद है यह बरसात
अब मानसून जिस गति से आगे बढ़ रहा है, ऐसे में उम्मीद लगाई जा रही है कि हरियाणा राज्य में भी अच्छी खासी बरसात होगी. वर्तमान में प्रदेश का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और नमी की मात्रा 80% तक पहुंच चुकी है. डॉ. मदन लाल ने जानकारी दी कि अब तक की बरसात फसलों के लिए फायदेमंद रही है. आने वाले दिनों में जो बरसात होगी, उससे भी फसलों को फायदा मिलेगा. खरीफ फसल की बिजाई और धान की रोपाई के लिए यह बरसात काफी फायदेमंद साबित होगी.
