हिसार | हरियाणा के खाटूश्याम और सालासर धाम के भक्तों के लिए अच्छी खबर सामने आ रही है. दरअसल, हिसार जिले (Hisar District) से खाटूश्याम और सालासर धाम के लिए अब सीधे हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत होने वाली है. मिली जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम से पहले हिसार से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी. राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार इस प्रस्ताव को पहले ही हरी झंडी दे चुकी है. अब केवल आधिकारिक कार्यवाही बाकी रह गई है.
4 घंटे का सफर 1 घंटे में होगा पूरा
वर्तमान में हिसार से सड़क मार्ग से सालासर जाने में श्रद्धालुओं को करीब साढ़े 3 से 4 घंटे का समय लग जाता है. इसी प्रकार खाटूश्याम बाबा के दर्शन के लिए हिसार से सड़क मार्ग से चार से पांच घंटे का सफर तय करना पड़ता है. यदि हेलीकॉप्टर सेवा शुरू हो जाती है, तो यह यात्रा मात्र 1 घंटे में पूरी हो सकेगी. इससे श्रद्धालुओं के समय की बचत होगी और यात्रा भी सुविधाजनक बनेगी.
राजस्थान सरकार के साथ बैठक
इस विषय में जानकारी देते हुए विपुल गोयल ने बताया कि सरकार हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की योजना पर कार्य कर रही है. अगले महीने राजस्थान सरकार के साथ इस संबंध में बैठक आयोजित होगी, जिसमें हेलीपैड और अन्य तैयारियों को लेकर अंतिम चर्चा की जाएगी. यह सेवा शुरू होने से हरियाणा और राजस्थान के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और भक्तों को भी बड़ी सहूलियत मिलेगी.
