चंडीगढ़ | हरियाणा में जुलाई महीने से शिक्षकों की ऑनलाइन स्थानांतरण प्रक्रिया की शुरुआत हो जाएगी. मंगलवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (CM Nayab Singh Saini) ने प्राइमरी टीचर एसोसिएशन की मांगों पर ठोस कदम उठाने का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षकों की एसीपी में आ रही समस्याओं को भी जल्द ही समाप्त किया जाएगा.
मुख्यमंत्री को सौंपा गया ज्ञापन
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने विश्वविद्यालय के पात्र अनुबंध सहायक अध्यापकों की सेवाएं सुरक्षित करने के अपने वादे को दोहराया. हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष हरिओम राठी, प्रदेश महासचिव बलजीत पूनिया और प्रदेश कोषाध्यक्ष चतुर सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री निवास पहुंचा. यहां उन्होंने मुख्यमंत्री को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा.
पदोन्नति, मेडिकल सुविधा और ट्रांसफर शामिल
प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान प्रदेश के प्राथमिक स्कूलों में मुख्य अध्यापक का पद सृजित कर पदोन्नति करने, अंतर जिला स्थानांतरण एवं सामान्य तबादला शुरू करने, प्राथमिक विद्यालयों में नियमित साफ- सफाई व चपरासी की व्यवस्था करने, शिक्षकों से गैर- शैक्षणिक कार्य न कराने, पदोन्नति व एसीपी में 50% अंकों की शर्त हटाने, वंचित शिक्षकों को एसीपी का लाभ देने, मेडिकल अवकाश देने और कैशलेस मेडिकल क्लेम सुविधा प्रदान करने जैसी मांगें रखीं. साथ ही, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा से दोहरी शिफ्ट में चल रहे स्कूलों में प्राइमरी स्कूलों को सुबह की शिफ्ट में लगाने की मांग भी की गई.
