रेवलुएशन ने बदली हरशु की किस्मत, झज्जर की छात्रा बनी टॉपर; मैथ और केमिस्ट्री में आए पूरे नंबर

झज्जर | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) द्वारा 13 मई को 12वीं कक्षा का परिणाम घोषित किया गया था, जिसमें साइंस स्ट्रीम में 500 में से 493 अंक प्राप्त करने वाले दो छात्र शामिल थे. इनमें से एक छात्र जिला भिवानी का और दूसरा रेवाड़ी जिले से था. उसी परिणाम में झज्जर जिले की हितेषी उर्फ हरशु को 483 अंक मिले थे. अब रेवलुएशन का परिणाम आने के बाद हरशु के मैथ्स और फिजिक्स में 10 अंक बढ़ने से उसके कुल अंक 493 हो गए हैं.

Hiteshi Jhajjhar

पिता के मना करने पर भी भरी रेवलुएशन की फीस

मिली जानकारी के अनुसार, झज्जर के दूबलधन बिधयान की रहने वाली हरशु को जब 500 में से 483 अंक मिले तो वह संतुष्ट नहीं हुई. उसने अपने पिता से रेवलुएशन फॉर्म भरवाने को कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया. इसके बावजूद, हरशु ने आत्मविश्वास के साथ 24 मई को मैथ्स, फिजिक्स और अंग्रेजी के पेपर में रीचेकिंग के लिए खुद फॉर्म भर दिया.

रेवलुएशन के लिए उसे प्रति पेपर ₹1000 की अतिरिक्त फीस भी देनी पड़ी. सोमवार को जब रेवलुएशन का रिजल्ट आया, तो हरशु के दो विषयों में 10 नंबरों की बढ़ोतरी हुई. अब उसके केमिस्ट्री और मैथ्स दोनों में 100 में से 100 नंबर हो गए हैं.

बिना ट्यूशन पढ़कर किया कमाल

पहले घोषित हुए परिणाम में उसके मैथ्स में 80 में से 3 नंबर कटे हुए थे, लेकिन रेवलुएशन के बाद वे नंबर भी मिल गए. अंग्रेजी में उसके नंबर नहीं बढ़े, लेकिन फिजिक्स में 7 अंकों की बढ़ोतरी हुई. हरशु अब काफी खुश है और इसका श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दे रही है. उसने 12वीं की पढ़ाई सीनियर सेकेंडरी स्कूल, माजरा से की है.

उसके पिता दलजीत सिंह एक सरकारी स्कूल में साइंस टीचर हैं और माता सुमन रानी हाउसवाइफ हैं. हरशु के दादा सेना से सूबेदार के पद से रिटायर्ड हैं. हरशु ने बताया कि उसने बिना किसी ट्यूशन के केवल अपने पिता की मदद से यह शानदार परिणाम हासिल किया है. उसका सपना है कि वह भविष्य में UPSC परीक्षा पास कर आईपीएस अफसर बने.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts