पलवल | हरियाणा की नायब सैनी सरकार सूबे में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं. इसी कड़ी में UP से नूंह और पलवल जिले को जोड़ने वाले 71 किलोमीटर लंबे प्रमुख सड़क मार्ग होडल- नूंह- पटौदी की चौड़ाई बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है. इस मार्ग की चौड़ाई को 10 मीटर से बढ़ाकर 17 मीटर किया जाएगा.

प्रदेश सरकार की ओर से इस सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने को प्रशासनिक मंजूरी दे दी गई है. हरियाणा स्टेट रोड डिवलेपमेंट कॉरपोरेशन (HSRDC) द्वारा इस रोड की चौड़ाई बढ़ाने का काम किया जाएगा, जिसपर 666 करोड़ रुपए की अनुमानित राशि खर्च होगी.
पूर्व मुख्यमंत्री ने की थी घोषणा
होडल- नूंह -पटौदी सड़क मार्ग UP के मथुरा जिले से सीधी कनेक्टिविटी देता है. इस रास्ते से यूपी के वाहन हरियाणा के विभिन्न शहरों, पंजाब और चंडीगढ़ के लिए आवागमन करते हैं. दोनों राज्यों से वाहन एक- दूसरी ओर जाने के लिए आवाजाही करते हैं, लेकिन इस सड़क मार्ग की चौड़ाई कम होने के चलते अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है.
साल 2022 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने की आधिकारिक घोषणा की थी. इसके बाद, इस मार्ग को फोरलेन बनाने के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार की गई थी. इस डीपीआर को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है और अब मार्ग को लोक निर्माण विभाग के एसीएस की तरफ से मार्ग को फोरलेन बनाने की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है.
फोरलेन बनाने के मिलेंगे फायदे
इस सड़क मार्ग के फोरलेन निर्माण से UP और हरियाणा- पंजाब के लिए आवागमन करने वाले वाहनों को बेहतर सड़क की सुविधा मिलेगी. लोगों को ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा. इस मार्ग के फोरलेन निर्माण से ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी, जिससे समय की बचत होगी. नूंह जिले में ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत होगी. नूंह जिले को जोड़ने वाला यह प्रमुख सड़क मार्ग हैं.
HSRDC की तरफ से इस सड़क मार्ग के फोरलेन निर्माण के लिए डिटेल एस्टीमेट बनाया जायेगा, जिसमें बिजली- पानी की लाइनें भी शामिल होंगी. इन्हें शिफ्ट किया जाएगा. इसकी प्रक्रिया जल्द शुरू होगी. वहीं, वन विभाग को भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अलग से सरकार के स्तर पर ही शुरू होगी- प्रेम गाेयल, एसडीओ HSRDC, गुरुग्राम