गुरुग्राम | हरियाणा की बेटी दीपाली ने अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट (पायलट) बनकर अपने परिवार और प्रदेश का नाम गर्व से ऊंचा कर दिया है. उन्होंने यह साबित कर दिया कि अगर मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो कोई भी मुश्किल मंजिल पाने से रोक नहीं सकती.
दीपाली ने भारतीय सेना की प्रतिष्ठित सेवा चयन बोर्ड (SSB) परीक्षा पास कर सब लेफ्टिनेंट का पद हासिल किया है. अब वह केरल स्थित इंडियन नेवी अकादमी में प्रशिक्षण के लिए जाएंगी.
बचपन का सपना हुआ पूरा
हरियाणा के धारूहेड़ा से संबंध रखने वाली दीपाली ने अपनी शुरुआती शिक्षा वहीं के एक निजी स्कूल से पूरी की. इसके बाद उन्होंने राजस्थान के सीकर जिले से ग्रेजुएशन की पढ़ाई की. वह बचपन से ही देश सेवा का सपना देखती थीं, जिसे पूरा करने के लिए उन्होंने लगातार मेहनत जारी रखी.
आखिरकार उन्हें सफलता मिली. जैसे ही यह खबर परिवार और गांव में पहुंची, खुशी की लहर दौड़ गई. अब दीपाली के स्वागत के लिए गांव में भव्य कार्यक्रम की तैयारियां चल रही हैं.
