चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) ने कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत महिला कर्मचारियों को राहत देते हुए एक बड़ा फैसला लिया है. अब राज्य की 38,700 महिला कर्मचारियों को हर महीने 2 अतिरिक्त कैजुअल लीव (सीएल) का लाभ मिलेगा. अब तक इन्हें सालाना 10 कैजुअल लीव मिलती थीं, जिसे बढ़ाकर अब 22 कर दिया गया है.
जारी हुआ आधिकारिक पत्र
इस संबंध में मानव संसाधन विभाग द्वारा एक आधिकारिक पत्र जारी किया गया है. यह छुट्टियां 10 दिन की मेडिकल लीव से अलग होंगी. वहीं, हरियाणा कौशल रोजगार निगम में कार्यरत महिला कर्मचारियों को भी इस फैसले का लाभ मिलेगा. राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में वर्तमान में लगभग 2.7 लाख नियमित और 1.28 लाख कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी कार्यरत हैं. इनमें से करीब 38,700 महिला कर्मचारी कॉन्ट्रैक्ट आधार पर कार्य कर रही हैं.
नियुक्ति तिथि के आधार पर मिलेगी छुट्टियां
अब राज्य सरकार की नियमित महिला कर्मचारियों को सालाना 25 कैजुअल लीव दी जाएंगी. जिन महिला कर्मचारियों की नियुक्ति 30 जून से पहले हुई है, उन्हें अब 20 की जगह 25 और पुरुष कर्मचारियों को 10 छुट्टियां मिलेंगी. जिन महिला कर्मचारियों की नियुक्ति 30 जून से 30 सितंबर के बीच हुई है, उन्हें 12 और पुरुष कर्मचारियों को 5 छुट्टियां दी जाएंगी. इसी प्रकार जिनकी नियुक्ति 30 सितंबर के बाद हुई है, उन्हें 6 और पुरुषों को 2 छुट्टियां मिलेंगी. 30 नवंबर के बाद नियुक्त महिला कर्मचारियों को 3 और पुरुष कर्मचारियों को केवल 1 छुट्टी दी जाएगी.
