चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार प्रदेश के युवाओं को विदेश में रोजगार दिलाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है. इसी क्रम में अब सरकार द्वारा जर्मनी, नॉर्वे, स्लोवाकिया और रूस में युवाओं को रोजगार देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इन देशों में कृषि उत्पादों से जुड़े कारखानों और वेयरहाउसिंग परियोजनाओं में काम करने के लिए हरियाणा के युवाओं से आवेदन मांगे गए हैं. रूस और जर्मनी में 50- 50 और स्लोवाकिया तथा नॉर्वे में 25-25 युवाओं को नौकरी दी जाएगी. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से विदेश में युवाओं को भेजने की यह प्रक्रिया पहले भी शुरू की जा चुकी है.
11 जुलाई तक करना होगा आवेदन
जो युवा विदेश में नौकरी करने के इच्छुक हैं, उन्हें हरियाणा कौशल रोजगार निगम के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा. इसके लिए अंतिम तिथि 11 जुलाई निर्धारित की गई है. बता दें कि प्रदेश सरकार तीसरी बार प्रदेश के युवाओं को विदेशों में भेजने जा रही है. इससे पहले इज़राइल में 225 युवाओं को रोजगार के लिए भेजा जा चुका है. वहीं, दुबई में 100 युवाओं को नौकरी के लिए चयनित किया गया था. वर्तमान में इनका कौशल विकास कार्यक्रम चल रहा है. जैसे ही प्रशिक्षण पूरा होगा, उन्हें दुबई भेजा जाएगा.
यूरोपीय देशों में 5000 नर्सों की जरूरत
मिली जानकारी के अनुसार यूरोप के कई देशों में करीब 5000 नर्सों की आवश्यकता है, जिसे पूरा करने के लिए हरियाणा सरकार योजना बना रही है. किस देश में कितनी नर्सों को भेजा जाएगा, इसकी जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी. मुख्यमंत्री के सलाहकार (विदेश सेवाएं) डॉ. पवन चौधरी ने बताया कि विदेश में नौकरी के इच्छुक सभी युवा नौकरी से जुड़ी शर्तों और नियमों को ध्यान से पढ़ लें और 11 जुलाई तक पोर्टल पर आवेदन अवश्य कर दें.
