फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद जिले के लकड़पुर क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ वन विभाग की कार्रवाई का खतरा मंडराने लगा है. विभाग द्वारा यहां रिकॉर्ड की जांच की जा रही है. अब तक 313 अवैध निर्माण चिन्हित किए जा चुके हैं, जिन्हें नोटिस भेजे गए हैं. फिलहाल, पिछले 1 सप्ताह से कार्रवाई रोक दी गई है. उच्च अधिकारियों से आदेश मिलते ही दोबारा कार्रवाई शुरू की जाएगी.
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
पिछले महीने करीब 15 दिनों तक सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के तहत अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की गई थी. इस दौरान वन विभाग ने 240 अवैध निर्माणों को गिराया और लगभग 270 एकड़ वन भूमि को खाली करवाया. इसकी विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है. वन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अनखीर, मेवला महाराजपुर, लकड़पुर और अनंगपुर इलाकों में लगभग 800 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जे पाए गए हैं.
इनमें अनंगपुर में सबसे अधिक 5948, लकड़पुर में 313, मेवला महाराजपुर में 193 और अनखीर में 339 अवैध निर्माण पाए गए हैं. वन विभाग जल्द ही बाकी बचे 530 एकड़ जंगल की जमीन को भी कब्जा मुक्त कराने के लिए कार्रवाई करेगा.
आदेश मिलते ही होगी कार्रवाई
इस संबंध में जिला वन अधिकारी विपिन सिंह ने बताया कि अब तक 270 एकड़ जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त करवाया गया है और इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई है. लकड़पुर क्षेत्र में 313 अवैध निर्माणों की पहचान कर ली गई है. शेष निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर अधिकारियों को पत्र लिखा गया है. जैसे ही आदेश मिलेंगे, कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
