फरीदाबाद | हरियाणा के गांवों में रहने वाले लोगों को कई बार छोटी-बड़ी बीमारी के इलाज के लिए भी शहर या दूसरे बड़े अस्पतालों तक जाना पड़ता है. अगर आसपास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल जाए तो मरीज के समय और परेशानी दोनों को कम किया जा सकता है. इसी बीच राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाने के लिए 4 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है.
बता दें कि प्रदेश सरकार ने 2 मौजूदा स्वास्थ्य संस्थानों को अपग्रेड करने के साथ 2 नए स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मंजूरी दी है. इसका फायदा फरीदाबाद, झज्जर और सिरसा जिले के लोगों को मिलेगा.
50 बेड का स्वास्थ्य केंद्र
फरीदाबाद के मंझावली गांव में अभी चल रहे उप-स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा बढ़ाया जाएगा. इसे अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र यानी PHC के रूप में विकसित करने की तैयारी है. वहीं, पल्ला सेहतपुर गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को भी अपग्रेड किया जाएगा. यहां 50 बेड की क्षमता वाला आधुनिक अर्बन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा.
खुलेंगे नए केंद्र
इसी बीच झज्जर जिले के बुपेनिया गांव में नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है. वहीं, सिरसा जिले के अरनियांवाली गांव में नया उप-स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किया जाएगा. इन स्वास्थ्य संस्थानों के शुरू होने के बाद खुद के इलाकों के लोगों को अपने आसपास सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का एक और ऑप्शन मिलेगा.
